राजनीति से ऊपर उठें विपक्ष, महिला उत्थान राष्ट्र का विषय, विपक्ष दे ऐतिहासिक बिल में साथ : श्रुति चौधरी

भिवानी, 12 अप्रैल : भारतीय राजनीति और समाज में महिलाओं की भूमिका अब केवल सहभागिता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अब वे नेतृत्व के केंद्र में होंगी। भिवानी के चित्रकूट रेस्ट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में प्रदेश महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साझा करते […]
Khushi
By : Updated On: 12 Apr 2026 11:14:AM
राजनीति से ऊपर उठें विपक्ष, महिला उत्थान राष्ट्र का विषय, विपक्ष दे ऐतिहासिक बिल में साथ : श्रुति चौधरी

भिवानी, 12 अप्रैल : भारतीय राजनीति और समाज में महिलाओं की भूमिका अब केवल सहभागिता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अब वे नेतृत्व के केंद्र में होंगी। भिवानी के चित्रकूट रेस्ट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में प्रदेश महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साझा करते हुए एक नए युग का खाका पेश किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की दूरगामी सोच के चलते वर्ष 2029 के चुनावों में महिलाओं को राजनीति में एक-तिहाई ( 33 प्रतिशत) हिस्सेदारी मिलेगी, जो देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक क्रांतिकारी मोड़ साबित होगा।

पत्रकार वार्ता में मंत्री श्रुति चौधरी ने महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को प्रधानमंत्री मोदी का एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि दशकों तक महिलाओं को आरक्षण देने के नाम पर केवल राजनीतिक चर्चाएं और वादे होते रहे, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे धरातल पर उतारकर वास्तविक स्वरूप दिया है।  उन्होंने कहा कि देश की 50 प्रतिशत आबादी अब नीति-निर्धारण में सीधी भूमिका निभाएगी। जब महिलाएं विधानसभा और लोकसभा में नेतृत्व करेंगी, तो समाज और अधिक समृद्ध व खुशहाल बनेगा।

मंत्री चौधरी ने पिछले 11 वर्षों को महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व में समाज की सोच बदली है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों के सफल क्रियान्वयन से हरियाणा जैसे प्रदेश में लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो अब 1000 के पार पहुँच चुका है। आज महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पंचायत से लेकर नगर परिषद तक सफलतापूर्वक शासन चला रही हैं। यह उनके बढ़ते आत्मविश्वास और सरकार की नीतियों का ही परिणाम है।

पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए अपील की कि इस ऐतिहासिक बिल को पारित कराने और लागू करने में रचनात्मक सहयोग दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं का उत्थान किसी दल का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का विषय है। महिलाओं ने नासा से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक अपनी योग्यता सिद्ध की है, अब उन्हें विधायी कार्यों में भी उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का जनता के मानसिक पटल पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। समाज में अब महिलाओं के प्रति मान और सम्मान बढ़ा है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से स्वतंत्र बनाया है।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad