सेक्टर-7 से लापता हुए दो मासूम भाइयों को पुलिस ने चंद घंटों में ढूंढकर परिजनों से मिलवाया
Panchkula Police Action:-पंचकूला पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए सेक्टर-7 क्षेत्र से लापता हुए दो मासूम भाइयों को सुरक्षित ढूंढ निकाला है। यह घटना उस समय शुरू हुई जब सेक्टर-7 के रहने वाले दो भाई, जिनमें बड़े की उम्र लगभग 10 वर्ष और छोटे की लगभग 6 वर्ष है, घर से पास के कम्युनिटी सेंटर में खेलने की बात कहकर निकले थे। जब देर शाम तक बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर घबराए परिजनों ने तुरंत सेक्टर-7 थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सेक्टर-7 थाना की टीम ने आसपास के पार्कों, गलियों और मार्केट क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की इस मुस्तैदी का परिणाम यह रहा कि देर रात सब-इंस्पेक्टर प्रदीप की टीम ने दोनों बच्चों को सैक्टर-7 थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के मिलते ही परिजनों की जान में जान आई और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता का संदेश: “पंचकूला पुलिस नागरिकों, विशेषकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मैं अभिभावकों से भी अपील करती हूँ कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत ‘डायल 112’ या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।”