कॉपर तार चोरी करते तीन आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
शिमला। जिला पुलिस शिमला ने कॉपर तार चोरी करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना बालूगंज में 20 फरवरी 2026 को एफआईआर संख्या 25/26 धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला शिकायतकर्ता परेश शर्मा निवासी नेरी, तहसील व जिला शिमला के बयान पर दर्ज हुआ। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को गांव मानला में एक वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा देखा गया, जिसमें दो महिलाएं बैठी थीं। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक सफेद बोरी में कॉपर केबल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मनीशा पत्नी भोला साहनी, निवासी जिला दरभंगा (बिहार), अस्थायी निवास झुग्गी-झोंपड़ी फागली; संगीता पत्नी अमर साहनी, निवासी जिला दरभंगा (बिहार), अस्थायी निवास झुग्गी-झोंपड़ी फागली; और मनोज कुमार पुत्र तुल बहादुर, निवासी लोअर फागली शिमला बताए। तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा चोरी की कॉपर तार को कब्जे में ले लिया गया।
मामले की जांच थाना बालूगंज द्वारा की जा रही है। पुलिस अन्य वारदातों में भी इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। जिला पुलिस शिमला ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।