एच.एम.टी. पिंजौर वन क्षेत्र में लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, यमुनानगर के 5 आरोपी गिरफ्तार
पंचकुला/ 25 फरवरी:- पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 की टीम ने पिंजौर के वन क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी काटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी और पेड़ काटने के आधुनिक औजार भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में गिरोह का मास्टरमाइंड भी शामिल है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कम्बोज ने बताया कि 23 फरवरी को पिंजौर के वन खंड अधिकारी ने पुलिस थाना में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 22 फरवरी की मध्यरात्रि जब वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तब उन्हें एच.एम.टी. पिंजौर के पास के जंगल से पेड़ काटने की आवाजें सुनाई दीं। जब वन टीम मौके पर पहुंची, तो अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ संदिग्ध व्यक्ति अपनी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गए।
वन विभाग की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना पिंजौर में फॉरेस्ट एक्ट की धारा 32, 33 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 व 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 इन्चार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और यमुनानगर के रहने वाले 5 आरोपियों दिलशाद उर्फ जिसान, शौकीन, कासिम, आरिफ और इकराम को धर दबोचा। सभी आरोपियों की आयु 22 से 27 वर्ष के बीच है।
डीसीपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी दिलशाद, शौकीन, कासिम और आरिफ को 24 फरवरी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले के मास्टरमाइंड इकराम को अदालत में पेश कर पुलिस ने 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया।
रिमांड के दौरान इकराम की निशानदेही पर जंगल से चोरी की लकड़ी ले जाने के लिए इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी और लकड़ी काटने के लिए प्रयोग किए गए कुल्हाड़ी व अन्य औजार बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह गिरोह अब तक कितने पेड़ों की अवैध कटाई कर चुका है और इनके अन्य साथी कौन हैं।