ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी: होमगार्ड ने लौटाया खोया मोबाइल
Traffic police honesty Haryana:- ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने एक बार फिर आमजन का विश्वास मजबूत किया है। ड्यूटी के दौरान मिले एक खोए हुई फोन को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर पुलिस कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचय दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ट्रैफिक पुलिस में तैनात होमगार्ड राकेश को चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास एक मोबाइल फोन लावारिस अवस्था में मिला। मोबाइल मिलने के बाद होमगार्ड राकेश ने तुरंत जिम्मेदारी दिखाते हुए फोन की जांच की और उसके धारक के बारे में आवश्यक जानकारी जुटाने का प्रयास किया। उपलब्ध जानकारी के आधार पर मोबाइल धारक का पता लगाया गया, जिसकी पहचान कालका निवासी एक युवक के रूप में हुई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा युवक से संपर्क स्थापित कर उसे सुरजपुर ट्रैफिक थाना बुलाया गया।
सुरजपुर ट्रैफिक थाना में सिपाही पवन द्वारा विधिवत प्रक्रिया के तहत मोबाइल फोन उसके असली मालिक को सौंपा गया। अपना खोया हुआ मोबाइल सुरक्षित वापस पाकर युवक ने ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड राकेश और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
सुरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा और सहायता करना है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों और होमगार्ड जवानों द्वारा पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जाता है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को इसी तरह जनता की सेवा और विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।