हाईवे पर चलते ट्रक में लगी आग; 300 क्विंटल गेंहू जलकर हुआ खाक
Haryana News: पंचकूला में एक चलते ट्रक में अचानक से आग लग गई। कुछ ही देर में ट्रक आग की चपेट में आ गया और जलकर राख हो गया। ट्रक से धुंआ उठता देख ट्रक में मौजूद दोनों ड्राइवर पहले ही कूद गए थे। फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर पिंजौर-सूरजपुर के पास एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत फायर स्टेशन कालका को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ड्राइवर बोला- एक घंटे बाद पहुंची फायर टीम ट्रक ड्राइवर मोहम्मद मोनीश और ट्रक मालिक रियाज खान ने बताया कि ट्रक में कुल 299 क्विंटल गेहूं लदा था। वे यूपी के शहजानपुर से हिमाचल के सोलन जिले की बद्दी मंडी में जा रहे थे। हादसे में पूरी गेहूं जल गई। ड्राइवर मोहम्मद मोनीश ने बताया कि हादसे के 1 घंटे के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और तब तक ट्रक पूरी तरह से जल चुका था। हालांकि वे खुद आग लगने के दौरान कूद गए, जिसके कारण उनकी जान बच गई।