1 क्विंटल 16 किलो चूरा पोस्त समेत ट्रक चालक व साथी गिरफ्तार, 8 दिन के पुलिस रिमांड पर
Police Commissioner Shivas Kaviraj; पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चूरा पोस्त की अवैध तस्करी का खुलासा किया है।
एसीपी क्राइम ने बताया कि 24 अक्टूबर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक चालक राजस्थान से भारी मात्रा में चूरा पोस्त भरकर पंचकूला से होते हुए हिमाचल प्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल इन्चार्ज प्रवीण कुमार की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव गोलपुरा के समीप ट्रक को रुकवाया और मौके पर मौजूद दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया।
पकड़े गए चालक की पहचान जोगेन्द्र पुत्र मानसिंह उम्र 54 वर्ष, निवासी गांव मातनहेल, जिला झज्जर तथा उसके साथी की पहचान विकास सिंह पुत्र जयवीर सिंह उम्र 29 वर्ष, निवासी मातनहेल, जिला झज्जर के रूप में हुई है। ट्रक की तलाशी के दौरान 8 प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए गए, जिनमें कुल 1 क्विंटल 16 किलो चूरा पोस्त भरा हुआ था। दोनों आरोपियों के खिलाफ रायपुर रानी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
डीसीपी क्राइम ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी राजस्थान से चूरा पोस्त लाकर हिमाचल प्रदेश और पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई करते थे। दोनों को आज अदालत में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ और किन-किन स्थानों पर सप्लाई करते थे तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध तस्करी पर लगातार निगरानी जारी रहेगी और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।