Central American Citizens: अमेरिका के VISA नीतियों में बदलाव की वजह से चीन की ओर से काम करने वाले सेंट्रल अमेरिकी नागरिकों के लिए मुसीबत बढ़ने वाली है।
US Visa Restrictions: अमेरिकी सरकार अपने फैसलों और नए कदमों को लेकर पूरी दुनिया में चर्चाओं में बनी हुई है। कभी टैरिफ को लेकर, तो कभी दो देशों के बीच युद्ध में दखल देने को लेकर, कभी बनते-बिगड़ते रिश्तों को लेकर, तो कभी अमेरिका में रह रहे अन्य देशों के नागरिकों पर प्रतिबंध लगाने को लेकर सुर्खियों में रहती है। अब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कुछ नागरिकों के वीजा को प्रतिबंधित करने की बात कही है।
अमेरिका में अब किसके वीजा पर लगेगा प्रतिबंध!
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि अब संयुक्त राज्य अमेरिका मध्य अमेरिका के उन नागरिकों के वीजा को प्रतिबंधित करेगा, जो मध्य अमेरिका में कानून के शासन को कमजोर करने वाली गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के लिए काम कर रहे हैं। मार्को रुबियो की तरफ से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है, जिसमें इसकी घोषणा की गई है।
इस नई नीति के तहत, मध्य अमेरिका के उन नागरिकों के वीजा को प्रतिबंधित करने की अनुमति दी जाएगी, जो मध्य अमेरिकी देशों में रहते हुए जानबूझकर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) की ओर से काम कर रहे हैं और जानबूझकर मध्य अमेरिका में कानून के शासन को कमजोर करने वाली गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं या ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा या समर्थन दे रहे हैं।
कई नागरिकों के वीजा पर लगा प्रतिबंध
अमेरिकी विदेश मंत्री की ओर से जारी बयान में यह भी कहा गया कि अमेरिका मध्य अमेरिका में चीन के भ्रष्ट प्रभाव का मुकाबला करने और कानून के शासन को कमज़ोर करने के उसके प्रयासों को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। इस नई नीति के तहत कई मध्य अमेरिकी नागरिकों पर वीजा प्रतिबंध लगाने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं जो पहले ऐसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
अमेरिकी नागरिकों के परिवार भी होंगे अयोग्य
बयान में कहा गया है, “नई वीजा प्रतिबंध नीति के तहत वह शख्स और उसके करीबी परिवार सदस्य संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश के लिए सामान्य रूप से अयोग्य होंगे।” विदेश मंत्री ने कहा कि ये कदम हमारे क्षेत्र में अमेरिका की आर्थिक समृद्धि और राष्ट्रीय सुरक्षा हितों की रक्षा के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने क्षेत्र की सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग करना जारी रखेंगे।