शाकाहारियों को 5 तरह के कैंसर होने का खतरा कमः ऑक्सफर्ड
खान-पान और कैंसर के बीच संबंध को लेकर अब तक की सबसे बड़ी स्टडी सामने आई है। ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने पाया है कि मांस खाने वालों की तुलना में शाकाहारी लोगों में कम से कम पांच प्रकार के कैंसर होने का खतरा काफी कम होता है। यह रिपोर्ट ‘ब्रिटिश जर्नल ऑफ कैंसर’ में प्रकाशित हुई है।
इस शोध के लिए भारत, ब्रिटेन, अमेरिका और ताइवान के 18 लाख से अधिक लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। 16 साल तक चले इस लंबे अध्ययन में करीब 16.5 लाख मांस खाने वाले, 57 हजार चिकन खाने वाले, 42 हजार मछली खाने वाले, 63 हजार शाकाहारी और करीब 8,800 वीगन लोगों को शामिल किया गया था। विश्लेषण में बीएमआई (लंबाई और वजन का अनुपात) समेत लाइफस्टाइल और शारीरिक अंतर को भी एडजस्ट किया गया।
मेटाबालिज्म पर सकारात्मक असर से कैंसर का खतरा कम
स्टडी के सह-लेखक प्रोफेसर टिम की के अनुसार, शाकाहारी डाइट शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाती है, जिससे कैंसर का जोखिम कम हो सकता है। पिछली रिसर्च में शाकाहारियों के खून में एक खास प्रोटीन का स्तर काफी कम मिला था, जो किडनी कैंसर के खतरे को बढ़ाता है।
आंत के कैंसर में शाकाहारी-मांसाहारी के जोखिम समान
रिसर्च के अनुसार, शाकाहारियों और मांसाहारियों में आंत के कैंसर का खतरा बराबर मिला। यह हैरान करने वाला है, क्योंकि मांस को इसका मुख्य कारण माना जाता है। वीगन में जोखिम थोड़ा अधिक दिखा, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि कम सैंपल साइज के कारण इन नतीजों को पूरी तरह सटीक नहीं कहा जा सकता।