लखनऊ में नशे में धुत ट्रैफिक SI का VIDEO:घड़े की दुकान में गिरा फिर उठ नहीं पाया, लोग बोले- तांडव मचाया
Lucknow News : लखनऊ के गोमतीनगर इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसमें एक ट्रैफिक SI सड़क के किनारे लगी मिट्टी के बर्तनों की दुकान में गिरा दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि एसआई शराब की नशे में धुत है।
उसने पहले इलाके में जमकर हंगामा किया। उसके बाद किनारे स्थित दुकान में गिर गया। हालांकि, दैनिक भास्कर नशे में होने की पुष्टि नहीं करता है। मामले में डीसीपी ट्रैफिक का कहना है कि एसआई को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच एसीपी पूर्वी को जांच सौंपी गई है।
क्या दिख रहा वीडियो में…
वीडियो गोमतीनगर हुसड़िया चौराहा का है। यहां पुल के नीचे सड़क के किनारे एक मिट्टी के बर्तनों की दुकान है। दुकान में रखे कैरेट के ऊपर ट्रैफिक SI गिरा दिख रहा है। उसके शरीर से पसीना छूट रहा है। वो उठने की कोशिश कर रहा है। पैर उठाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन खुद को संभाल नहीं पा रहा है।
बार-बार अपना चेहरा पोंछ रहा है। दुकानदार मौके पर नहीं दिख रहा है। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक SI के हंगामे की वजह से दुकानदार डरकर भाग गया। सूचना पर अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। उसे अपने साथ लेकर गए।
लोग बोले- तांडव मचा रहा है SI
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। एक व्यक्ति ने लिखा है- लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस जहां एक तरफ जनता की सेवा कर रही है, वहीं ट्रैफिक SI नशे में धुत होकर पुलिस की छवि खराब कर रहा है।
दूसरे व्यक्ति ने प्रतिक्रिया दी- गोमतीनगर के हुसड़िया पुल के नीचे नशे में धुत ट्रैफिक SI तांडव कर रहा है।