व्हाइट हाउस के पास फायरिंग के ट्रंप की बड़ी चेतावनी, ‘थर्ड वर्ल्ड देशों के लोगों को अमेरिका में घुसने भी नहीं दूंगा…’
USA Pause Migration: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह तीसरी दुनिया के सभी देशों के लोगों के अमेरिका में बसने (प्रवास करने) पर हमेशा के लिए बैन लगा देंगे।
Donald Trump on Migration: अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास एक अफ़ग़ान नागरिक द्वारा की गई गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खासे नाराज हैं। उनकी ओर से थर्ड वर्ल्ड देशों को कड़ा संदेश दिया गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उनका प्रशासन सभी ‘थर्ड वर्ल्ड देशों’ से माइग्रेशन को स्थायी रूप से रोकने की दिशा में काम करेगा, ताकि अमेरिकी सिस्टम को पूरी तरह ‘रीसेट’ किया जा सके।
ट्रंप की बड़ी चेतावनी
हमले के तुरंत बाद अमेरिका की तरफ से अफगानिस्तान समेत 19 देशों के प्रवासियों को दिए गए ग्रीन कार्ड की समीक्षा का भी ऐलान किया गया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “मैं सभी थर्ड वर्ल्ड देशों से माइग्रेशन को स्थायी रूप से रोकने वाला हूं। ऐसा करने से अमेरिकी सिस्टम पूरी तरह ठीक हो जाएगा। मैं बाइडेन के दौर में हुए लाखों अवैध प्रवेश को अब हर कीमत पर खत्म करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, ‘हम उन सभी लोगों को बाहर करेंगे जो अमेरिका के लिए उपयोगी नहीं हैं या हमारे देश से प्यार नहीं करते। गैर-नागरिकों को मिलने वाले सभी संघीय लाभ और सब्सिडी खत्म की जाएगी। घरेलू शांति को नुकसान पहुंचाने वाले प्रवासियों की नागरिकता रद्द की जाएगी और जो विदेशी नागरिक सुरक्षा जोखिम या पश्चिमी सभ्यता के अनुकूल नहीं हैं, उन्हें देश से बाहर निकाला जाएगा।’
ट्रंप के मुताबिक, इन सभी कदमों का मकसद अवैध और अशांति फैलाने वाली आबादी में बड़ी कटौती करना है, खासकर उन लोगों में, जिन्हें कथित तौर पर एक अनधिकृत और ‘गैर-कानूनी ऑटोपेन’ प्रक्रिया के जरिए अमेरिका में प्रवेश दिया गया था।