एमडीसी क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा बरामद कर न्यायिक हिरासत भेजा
पंचकूला/ 18 मई:- पंचकुला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने एमडीसी क्षेत्र से एक युवक को अवैध देशी कट्टे सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ एमडीसी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 17 मई को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पंचकूला की टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि भूप सिंह नामक युवक, जो गांधी कॉलोनी एमडीसी पंचकूला में रहता है, अपने पास अवैध देशी कट्टा लेकर माता मनसा देवी मंदिर से सकेतड़ी जाने वाली सड़क के पास विश्व मानव रूहानी केन्द्र के निकट एक पेड़ के नीचे बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल रेडिंग पार्टी गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
इन्चार्ज इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर काबू किया। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की दाहिनी जेब से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी से हथियार रखने संबंधी लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पंचकुला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।