अभय चौटाला का भाजपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- अर्चना गुप्ता के बयान ने जाट नेताओं के कुर्ते खूंटी पर टंगवा दिए
Abhay Chautala Jhajjar speech; इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो एवं विधानसभा में विपक्ष का नेता रह चुके अभय चौटाला ने रविवार को झज्जर जिले के गांव सोंधी में गुलिया खाप चबूतरे पर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। नितिन नबीन की नई टीम को लेकर पूछे गए सवाल पर अभय चौटाला ने भाजपा पर जातिगत राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अर्चना गुप्ता के बयान ने हरियाणा भाजपा के जाट नेताओं के कुर्ते खूंटी पर टंगवा दिए हैं। उनका इशारा ओमप्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु और सुभाष बराला को भाजपा की नई टीम में जगह ने दिए जाने को लेकर था।
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा योजनाबद्ध तरीके से हरियाणा में एक ही जाति को टारगेट करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जात-पात के आधार पर राजनीति को बढ़ावा नहीं देने दिया जाएगा और वह किसी भी कीमत पर हरियाणा में ‘पैंतीस-एक’ का नारा नहीं लगने देंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा अभय चौटाला के खिलाफ सिविल और क्रिमिनल केस किए जाने की बात पर भी उन्होंने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। अभय ने कहा कि अगर हुड्डा में हिम्मत है तो वे सार्वजनिक मंच पर आकर उनसे बहस कर लें। उन्होंने दावा किया कि बहस के दौरान वह एक-एक बात की कलई खोल देंगे।
दीपेंद्र हुड्डा द्वारा पूर्व सांसद सज्जन सिंह को रोल मॉडल बताए जाने के सवाल पर भी अभय चौटाला ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस द्वारा सिख समाज पर किए गए अत्याचारों की सच्चाई सामने आती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सिख समाज की बड़ी तादाद है और आने वाले समय में यही समाज कांग्रेस को सबक सिखाएगा।
रोहतक-झज्जर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ बताए जाने के सवाल पर अभय चौटाला बिफर गए। उन्होंने कहा कि गढ़ राजा-महाराजाओं के हुआ करते थे। हुड्डा परिवार तो हिसार के एक छोटे से गांव का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र को किसी व्यक्ति विशेष का गढ़ बताना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
अभय चौटाला ने दावा किया कि आने वाला समय इनेलो का है। उन्होंने कहा कि इनेलो अगले तीन साल के भीतर हरियाणा में ऐसी राजनीतिक स्थिति पैदा करेगी कि कांग्रेस और भाजपा के नेताओं को किसी भी गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग इनेलो के साथ मजबूती से खड़ा होगा और प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इस दौरान अभय चौटाला ने ग्रामीणों को आगामी 27 सितंबर को नूंह में आयोजित चौधरी देवीलाल जयंती रैली में पहुंचने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि यह रैली प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने वाली होगी।
अभय चौटाला ने दावा किया कि 2029 के विधानसभा चुनाव में इनेलो अपने दम पर हरियाणा में सरकार बनाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से संगठन को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
