भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर सरकार बनाने जा रही है, कोई भी उठक-बैठक करे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
चंडीगढ़, 13 नवम्बर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भीम आर्मी और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन की चर्चा पर बयान दिया और कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर सरकार बनाने जा रही है, कोई भी उठक-बैठक करे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है और लोगों ने मन बना रखा है कि भारतीय जनता पार्टी को वोट देनी है। अब कोई भी उठक-बैठक करते रहे, भारतीय जनता पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
लोकसभा चुने प्रतिनिधियों के लिए बहस करने का मंच, वहां ये लोग या तो शोर मचाते हैं या फिर वॉकआउट कर जाते हैं – मंत्री अनिल विज का राहुल गांधी पर तंज
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती देने के प्रश्न पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोकसभा चुने हुए प्रतिनिधियों के लिए बहस करने का मंच है। यह लोग या तो वहां शोर मचाते हैं या फिर वॉकआउट कर जाते हैं। इन्हें अपनी बात रखने के लिए वहां कौन रोकता है।
भारतीय जनता पार्टी पंजाब में पूरी तरह से तैयार और पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी ही चुनाव जीतेगी : अनिल विज
पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी द्वारा अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करने के प्रश्न पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह उनका अंदरूनी मामला है और हमें उससे कुछ लेना-देना नहीं है। भारतीय जनता पार्टी पंजाब में पूरी तरह से तैयार है और पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी ही चुनाव जीतेगी।
मंत्री अनिल विज का दिग्विजय चौटाला के बयान पर पलटवार: “जनता ने जिन्हें दुत्कार दिया, उन्हें सुझाव देने का अधिकार नहीं”
दिग्विजय चौटाला द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब में जाने के बयान पर पलटवार करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि दिग्विजय चौटाला और उनकी पार्टी को जनता ने दुत्कार दिया है, बल्कि सारे हरियाणा में हरा दिया है। अब इन्हें इस प्रकार का सुझाव देने का अधिकार नहीं है और वैसे भी यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। भारतीय जनता पार्टी ने सोच-समझ कर ही मुख्यमंत्री बनाया है।