गुरुग्राम में पुलिस ने किया गैंगस्टर का एनकाउंटर, भागने की कोशिश करते गैंगस्टर को मारी गोली, हुई 10 राउंड फायरिंग
Haryana Crime News: पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि उस पर 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पहले भी पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पकड़ा था।
Encounter in Gurugram: गुरुग्राम में पुलिस की गैंगस्टर कौशल जोनियावास के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो कौशल ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से कुछ देर तक लगातार गोलियां चलती रहीं। करीब 10 राउंड फायरिंग हुई।
फायरिंग के बीच गैंगस्टर ने भागने की कोशिश की। मगर, पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। उससे हथियार भी बरामद किए गए हैं।
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि इनामी गैंगस्टर कौशल जोनियावास दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजरने वाला है। जिसके बाद मानेसर क्राइम ब्रांच की टीम ने सहरावन गांव के पास घेराबंदी कर दी। बदमाश हाईवे के पास पंचगांव से कासन रोड पर हथियारों के बल पर ट्रक लूटने की योजना बना रहे थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि उस पर 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पहले भी पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पकड़ा था। मगर, इसके बाद जमानत मिलते ही वह फिर भगोड़ा हो गया।
गैंगस्टर कौशल गांव जोनियावास का रहने वाला है, जोनियावास गुरुग्राम में फर्रुखनगर के पास पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वह पिछले करीब 10 साल से गांव में नहीं देखा गया है। उसके माता-पिता की डेथ हो चुकी है। भाई-बहन पहले ही रिश्ता तोड़ चुके हैं।