हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, अब 78 लोगों की मौत, कई लापता, हिमाचल CM ने बुलाई आपदा प्रबंधन की मीटिंग
Monsoon in Himachal: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में 78 मौतें, 121 घायल और 37 लापता हैं, जिससे 572 करोड़ का नुकसान हुआ है। मानसून अभी शुरू ही हुई है।
Heavy rain alert in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में इस बार भी मानसून का कहर जारी है। राज्य में फ्लैश फ्लड में बहने, लैंडस्लाइड, बादल फटने और सड़क दुर्घटनाओं में अब तक 78 मौतें हुई हैं, जबकि 121 लोग घायल हुए हैं और करीब 37 लोग अभी भी लापता हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 572 करोड़ के नुकसान का अंदाजा लगाया गया है।
मानसून के कारण तबाही से प्रदेश में 243 सड़कें बंद, 241 ट्रांसफार्मर ठप हैं। 278 पेयजल योजनाओं की जल आपूर्ति बाधित है। 10253 पशु पक्षी बह गए हैं, इसमें दस हज़ार पोल्ट्री बर्ड अकेले ऊना जिला के बीते कल के शामिल हैं. 163 घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं, 178 घरों को नुकसान हुआ है, 346 गौशालाएं बही हैं।
इस के चलते हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने सचिवालय में आज आपदा को लेकर मीटिंग बुलाई है। इसमें मानसून सीजन के दौरान अब तक हुए नुकसान का रिव्यू किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सभी विभागीय सचिवों को मीटिंग में मौजूद रहने के निर्देश दिए है।
इस मीटिंग में राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में जिन लोगों के घर उजड़ गए हैं, उन्हें दोबारा कैसे बसाया जाए, इसे लेकर चर्चा होनी है। मंडी के आपदा प्रभावितों को सरकार पहले ही 5000 रुपए प्रति माह किराया देने की घोषणा कर चुकी है।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर शेष सभी जिले शामिल हैं। विभाग ने आशंका जताई है कि लगातार बारिश के चलते कई जिलों में जल भराव, लैंडस्लाइड, बाढ़ और पेड़ गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
कल यानि 8 जुलाई को भी ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा जबकि कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में यलो अलर्ट रहेगा। 9 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कमजोर पड़ने की संभावना है और इस दिन पूरे प्रदेश में केवल यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।