अगले महीने फिर शुरू हो सकती हैं भारत-चीन की सीधी हवाई उड़ान
India and China Flights: रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय सरकार ने एअर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइंस से कहा है कि वे चीन के लिए उड़ानें शुरू करने के लिए शॉर्ट नोटिस पर भी तैयार रहें।
India-China Direct Flights: भारत और चीन अगले महीने की शुरुआत में सीधी फ्लाइट सर्विस शुरू कर सकते हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। इसे दोनों देशों के रिश्तों में सुधार का संकेत माना जा रहा है। रिपोर्ट में बताया गया कि भारत सरकार ने एअर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइनों से कहा है कि वे चीन के लिए तुरंत उड़ानें शुरू करने के लिए तैयार रहें।
बता दें कि दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवा कोविड-19 महामारी के बाद से बंद है। जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद से भारत-चीन संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। यह घटना दशकों में दोनों देशों के बीच सबसे गंभीर सैन्य टकराव थी, जिसने रिश्तों में तेज गिरावट ला दी।
कोविड-19 से पहले भारत और चीन के बीच सीधे उड़ानें चलती थीं, लेकिन महामारी के कारण ये बंद हो गईं। अब यात्रियों को हांगकांग, सिंगापुर या बैंकॉक जैसे शहरों से होकर जाना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। सीधे उड़ानें शुरू होने से यात्रा सरल और सस्ती हो जाएगी।
पीएम मोदी का चीन दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को टियांजिन जाएंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह मोदी का चीन का कई वर्षों बाद पहला दौरा होगा।
भारत-चीन के संबंधों में खटास
गालवान घाटी में जून 2020 में हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण रहे। इस झड़प के बाद सीमा पर सैनिक तैनाती बढ़ी और कई दौर की सैन्य व कूटनीतिक बातचीत हुई, लेकिन कई मसले अभी भी अनसुलझे हैं। सीमा विवाद और कोविड के चलते चीन से निवेश पर रोक लगी, आयात पर कड़ी जांच हुई और सीधे हवाई उड़ानें बंद हो गईं. जिससे व्यापार और आम लोगों के बीच संपर्क कम हो गया।