क्यों हर साल 5 सितंबर को मनाया जाता है शिक्षक दिवस, समझिए इतिहास और महत्व
Teachers Day 2025 In India: डॉ. राधाकृष्णन की विनम्रता ने इस दिन को सभी शिक्षकों के लिए समर्पित कर दिया और यह हमें हर साल याद दिलाता है कि समाज की नींव मजबूत करने में शिक्षक सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।
Teachers Day 2025: भारत में शिक्षकों के सम्मान में एक खास दिन समर्पित है। इस दिन को शिक्षक दिवस के तौर पर हर साल सितंबर महीने में मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है। इस परंपरा की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के कारण हुई, जिन्होंने ये दिन मनाने का आग्रह किया।
शिक्षकों के सम्मान में 5 सितंबर की तारीख तय की गई। इसका भी एक खास कारण है। भारत में शिक्षक दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति गहरी आस्था का प्रतीक है। डॉ. राधाकृष्णन की विनम्रता ने इस दिन को सभी शिक्षकों के लिए समर्पित कर दिया और यह हमें हर साल याद दिलाता है कि समाज की नींव मजबूत करने में शिक्षक सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।
क्यों 5 सितंबर को मनाया जाता है शिक्षक दिवस?
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था। उनके छात्रों और साथियों ने उनका जन्मदिन विशेष रूप से मनाने का प्रस्ताव रखा। लेकिन उन्होंने कहा कि उनका जन्मदिन अलग से न मनाकर, इसे शिक्षकों के योगदान के सम्मान में मनाया जाए। तभी से 5 सितंबर भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।
कौन हैं डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन?
डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक भारतीय शिक्षाविद, दार्शनिक और राजनेता थे। उन्होंने भारत के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे भारतीय राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया।

कैसे मनाया जाता है ये दिन?
हर वर्ष इस दिन भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। यह उन शिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण कार्य किए हैं। यह परंपरा इस दिन के महत्व को और भी बढ़ा देती है।
शिक्षक दिवस का महत्व
भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि वे जीवन जीने की कला, नैतिकता और अनुशासन का मार्ग भी दिखाते हैं। शिक्षक दिवस हमें यह याद दिलाता है कि समाज में शिक्षकों की भूमिका नींव जैसी होती है।
स्कूलों और कॉलेजों में आयोजन
शिक्षक दिवस का उत्सव स्कूलों और कॉलेजों में खास तरीके से मनाया जाता है। छात्र अपने शिक्षकों को कार्ड, उपहार और कार्यक्रमों के जरिए सम्मान देते हैं। कई जगह “रोल रिवर्सल” की परंपरा भी होती है, जिसमें छात्र शिक्षक की भूमिका निभाते हैं और अध्यापन का अनुभव करते हैं।
विश्व शिक्षक दिवस कब है?
जहां भारत 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाता है, वहीं UNESCO के निर्देश पर विश्व शिक्षक दिवस (World Teachers’ Day) हर साल 5 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन विश्वभर में शिक्षकों के योगदान और महत्व को जाहिर करता है।