मंडी में बीती रात हुई भारी बारिश से तबाही, भूस्खलन के कारण घरों और गौशालाओं पर खतरा, परिवार बेघर
Heavy Rain in Mandi: वीरवार देर रात की इस घटना से कुराटी गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
Mandi Landslide: मंडी जिले के जोगिन्द्रगनर में पिपली पंचायत के कुराटी गांव में भूस्खलन से एक पशुशाला मलबे में दफन हो गई। रिहायशी मकानों को खतरा पहुंचा है। वहीं खतरे की जद् में आए एक मकान में रह रहे परिवार के चार सदस्य बेघर हुए हैं। वीरवार देर रात की इस घटना से कुराटी गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्य के लिए घटना स्थल में पहुंच चुकी है।
अभी तक प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार परस राम निवासी घनैतर के मकान को भूस्खलन से खतरा देख उसके परिवार को सुरक्षित स्थान में शिफट करना पड़ा है। राजमल की गौशाला मलबे की जद् में आ गई है। जबकि यहां पर मौजूद मवेशियों को पहले ही सुरक्षित स्थान में पहुंचा दिया गया था।
इसके अलावा गांव में कुछ उपजाउ भूमि में भी मलबा पहुंच जाने से किसान परिवारों को क्षति पहुंची है। पिपली पंचायत भवन की सड़क पर भी भूस्खलन से मलबा पहुंच जाने से यातायात बाधित हुआ है। पिपली पंचायत के प्रधान इंद्र सिंह ने कुराटी गांव में हुए भूस्खलन से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है।

शुक्रवार को कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने कुराटी गांव में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेकर सरकार से भी आर्थिक सहायता प्रदान करवाने का भरोसा दिलाया है। वहीं नायब तहसीलदार विनय राश्पा के अनुसार पिपली पंचायत के कुराटी गांव में हुए भूस्खलन से एक पशुशाला और रिहायशी मकान खतरे की जद् में आया है। एक परिवार के कुछ लोगों को सुरक्षित स्थानों में शिफट किया गया है। वहीं किसानों की खेतों में भी मलबा घुस जाने से क्षति होने की जानकारी प्रशासन को मिली है।