India and Pakistan Head to Head: भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का इंतजार ख़त्म, एशिया कप में कैसा है भारत और पाकिस्तान का हेड टू हेड रिकॉर्ड?
Asia Cup 2025 India vs PAK; भारत और पाकिस्तान के बीच जिस मैच का इंतजार सभी को रहता है वो मैच करीब है। दुबई में एशिया कप के मैच में दोनों टीमें भिड़ेंगी। दोनों ही टीमों ने अपने शुरुआती मैचों में जीत हासिल की है। भारत ने अपने पहले मैच में यूएई को मात दी तो वहीं पाकिस्तान ने ओमान को शिकस्त दी है। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में ग्रुप स्टेज का महामुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा।
टीम इंडिया ने UAE के खिलाफ 9 विकेट की जीत से अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं पाकिस्तान आज ओमान के खिलाफ टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेलेगी। टूर्नामेंट इतिहास में दोनों ने आपस में 18 मैच खेले। 10 में भारत और 6 में पाकिस्तान को जीत मिली। हालांकि, पिछले 10 साल में राइवलरी एकतरफा सी हो गई, जहां पाकिस्तान को 7 मुकाबलों में महज 1 बार जीत नसीब हो सकी।
एशिया कप 1984 से खेला जा रहा है। भारत ने 8 और पाकिस्तान ने 2 खिताब जीते हैं, लेकिन दोनों टीमें कभी फाइनल में आमने-सामने नहीं हो सकीं। स्टोरी में जानते हैं दोनों प्रतिद्वंद्वी टीमों का एशिया कप में एक-दूसरे के खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है।
भारत ने पाकिस्तान को 56% मैच हराए
1984 में पहली बार एशिया कप खेला गया, तब भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने ही हिस्सा लिया। भारत ने शारजाह में पाकिस्तान को 54 रन से हराया और फिर राउंड रॉबिन फॉर्मेट जीतकर खिताब भी उठा लिया। तब श्रीलंका रनर-अप और पाकिस्तान तीसरे नंबर पर रही थी।
1984 से दोनों टीमों के बीच वनडे और टी-20 एशिया कप में 18 मैच खेले गए। 56% यानी 10 में भारत को जीत मिली, वहीं 6 मुकाबले पाकिस्तान के नाम रहे। 1997 और 2023 में दोनों टीमों के बीच 1-1 मुकाबला बेनतीजा भी रहा था।
वनडे एशिया कप में भारत ने 53% मैच जीते
एशिया कप 14 बार वनडे और 2 बार टी-20 फॉर्मेट में खेला गया। इस दौरान वनडे फॉर्मेट में दोनों के बीच 15 मैच हुए। 8 में भारत और 5 में पाकिस्तान को जीत मिली। इस दौरान 2 मुकाबले बेनतीजा भी रहे। यानी भारत ने पाकिस्तान को 53% वनडे मुकाबले हराए।
टी-20 एशिया कप में दोनों टीमें 2016 में मीरपुर के मैदान पर पहली बार भिड़ी थीं। तब भारत ने 5 विकेट से मुकाबला जीता था। 2022 में दोनों के बीच दुबई में 2 टी-20 खेले गए। पहला मैच भारत ने और दूसरा मैच पाकिस्तान ने 5 विकेट से जीता। पिछले 10 साल में यह पाकिस्तान की भारत पर इकलौती जीत भी थी। इस दौरान भारत ने 5 मैच जीत लिए।
एशिया कप फाइनल में कभी नहीं भिड़े दोनों
एशिया कप का 17वां एडिशन UAE में खेला जा रहा है। अब तक 16 बार हुए टूर्नामेंट को भारत और पाकिस्तान दोनों ने 1-1 बार बॉयकॉट किया। 15 में से 8 बार भारत ने टूर्नामेंट जीता और 3 बार टीम रनर-अप भी रही। यानी भारत महज 4 बार ही फाइनल में जगह नहीं बना सका। इन सभी में पाकिस्तान ने खिताबी मुकाबला खेला।
पाकिस्तान ने 15 एडिशन में 2 ही बार टाइटल जीता था। टीम ने 2000 में श्रीलंका और 2012 में बांग्लादेश को फाइनल हराकर खिताब जीता। टीम 2022, 2014 और 1986 में रनर-अप भी रही, लेकिन कभी भारत से खिताबी भिड़ंत नहीं कर पाई। 48 साल पुराने टूर्नामेंट में इस बार 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, लेकिन क्या इस बार दोनों चीर-प्रतिद्वंद्वी टीमें एक साथ फाइनल तक का सफर तय कर पाएंगी?