गुरुग्राम के मानेसर में देखा गया तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने किया काबू
Gurugram News: आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई थी ताकि तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखी जा सके। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल था।
Leopard Spotted in Manesar: गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर क्षेत्र में शुक्रवार को एक खाली प्लॉट में घुसे तेंदुए को वन विभाग की टीम ने दोपहर तक काबू कर लिया। तेंदुए को देखने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
जानकारी के अनुसार, वाइल्डलाइफ टीम को सुबह 8:00 बजे एक कंपनी के कर्मचारी से सूचना मिली थी कि उन्होंने एक तेंदुए को सड़क पार करते हुए देखा है। वन विभाग और वाइल्डलाइफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोपहर 2:00 बजे के आसपास 3 वर्ष के एक नर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। बाद में तेंदुए को जंगल में छोड़ दिया गया।
दीवार फांदते हुए की वीडियो भी आई सामने
तेंदुए की शुक्रवार को एक प्लॉट की दीवार फांदते हुए की एक वीडियो भी सामने आई थी। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम तैनात की थी, जिसने पिंजरे और अन्य उपकरणों के साथ तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने की कोशिश की। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्र से दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी।
इसके अलावा, आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई थी ताकि तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखी जा सके। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल था, खासकर उन परिवारों में जो खुले प्लॉट्स के आसपास रहते हैं। कुछ लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि अरावली क्षेत्र में तेंदुओं के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाए जाएं ताकि वन्यजीव और मानव के बीच टकराव को कम किया जा सके।