Banner
Banner

खादी उत्पाद को प्रोत्साहन दे रही हरियाणा सरकार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Rohtak News: केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद पूर्व की सरकारों ने खादी की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया और खादी ग्रामोद्योग की पूर्ण रूप से अनदेखी की। Khadi Artisan Festival: गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर […]
Amritpal Singh
By : Published: 03 Oct 2025 21:24:PM
खादी उत्पाद को प्रोत्साहन दे रही हरियाणा सरकार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Rohtak News: केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद पूर्व की सरकारों ने खादी की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया और खादी ग्रामोद्योग की पूर्ण रूप से अनदेखी की।

Khadi Artisan Festival: गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। आजादी का जब शताब्दी उत्सव मनाया जाएगा तो उसमें खादी का अहम योगदान रहेगा। लाखों बुनकरों के लिए खादी ग्रामोद्योग सशक्त मंच बन रहा है।

शाह शुक्रवार को रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित खादी कारीगर महोत्सव में कारीगरों से संवाद कर रहे थे। श्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ मौजूद कारीगरों को आधुनिक मशीन, टूल किट्स एवं पीएमईजीपी के तहत 301 करोड़ रुपए की मार्जिन मनी वितरित कर उन्हें स्वदेशी से स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

साथ ही केंद्रीय मंत्री ने पीएमईजीपी इकाइयों, केन्द्रीय पूनी संयंत्र एवं खादी ग्रामोद्योग भवनों का वर्चुअल लोकार्पण भी किया जिनमें हरियाणा के पंचकूला में नवनिर्मित खादी ग्रामोद्योग आयोग कार्यालय व गोदाम का उद्घाटन भी शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया खादी को पुनर्जीवित

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद पूर्व की सरकारों ने खादी की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया और खादी ग्रामोद्योग की पूर्ण रूप से अनदेखी की। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने खादी को विकसित करने का संकल्प लिया और खादी ग्रामोद्योग को पुनर्जीवित करने का काम किया।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की खादी के प्रति रुचि व बुनकरों के प्रति उनका लगाव होने के कारण मोदी सरकार के केंद्र में 11 साल के कार्यकाल में खादी का कारोबार 33 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। इतना ही नहीं इस बढ़ते टर्न ओवर का लाभ किसी व्यक्ति विशेष पूंजीपति को न मिलकर देश के बुनकरों को मिला है। आज पैकेजिंग व मार्केटिंग की अच्छी व्यवस्था खादी ग्रामोद्योग द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि आज स्वचालित चाक, लेदर मशीन, चरखा सहित 12 प्रकार की मशीनें व मार्जन मनी का वितरण बुनकरों को करते हुए वे प्रफुल्लित हैं।

आत्मनिर्भर भारत का सशक्त माध्यम है खादी ग्रामोद्योग : सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हरियाणा की धरा पर पहुंचने पर स्वागत व अभिनंदन करते हुए कहा कि खादी हमारी विरासत है और खादी के उत्पाद “लोकल टू ग्लोबल” की दिशा में तेज गति के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत का सशक्त माध्यम खादी ग्रामोद्योग बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खादी ने अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है और यह अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही है।

यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत का उत्सव है, जिसका विजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन व केंद्र सरकार के सहयोग से हरियाणा में खादी से जुड़ी गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के बॉय इंडियन-बिल्ड इंडिया के नारे को आत्मसात करते हुए खादी अपनाएं।

ग्रामीण आंचल में खादी से बढ़ रहे रोजगार के अवसर : मनोज कुमार

खादी कारीगर महोत्सव में खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि खादी आज केवल परंपरा और स्वदेशी का प्रतीक नहीं रही बल्कि यह युवाओं के लिए फैशन और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि खादी से न केवल ग्रामीण अंचलों में रोजगार सृजन हो रहा है बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यदि सहकारिता और खादी एक साथ आगे बढ़ें तो यह देश की आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण यात्रा को नई दिशा देंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अन्य गणमान्य व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad