फतेहाबाद के 2 युवकों के बाद अब हरियाणा के 3 और युवकों के रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे, बंकर में रह रहे
Haryana Youth: विदेश मंत्रालय ने 27 नए लोगों की लिस्ट जारी की है, जो रशियन आर्मी में भर्ती करके यूक्रेन युद्ध में धकेले जा चुके हैं।
Haryana Youth Trapped in Russia-Ukraine War: फतेहाबाद के 2 युवकों के बाद अब हरियाणा के 3 और युवकों के रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे होने का मामला सामने आया है। इन्हीं में से एक रोहतक के जेठपुर (तैमूरपुर) गांव के 29 वर्षीय संदीप ने परिजनों को वीडियो भेजकर इसकी जानकारी दी और बचाने की गुहार लगाई। इन युवकों को भी यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में झोंक दिया गया है।
संदीप के साथ सोनीपत, अंबाला और यूपी के युवक भी रूस गए थे। संदीप स्टडी वीजा पर 23 सितंबर 2024 को गया था। वहां पढ़ाई के साथ-साथ रेस्टोरेंट में नौकरी कर रहा था। इसी बीच वहां आर्मी में उसे कुक की नौकरी बताकर जॉइन करवा दिया। फिर उसके हाथ में हथियार थमा दिए।
संदीप के मामा श्रीभगवान ने बताया कि चरखी दादरी के एजेंट को 6 लाख रुपए भी दिए थे। रूस में संदीप एक रेस्टोरेंट में काम करता था। अब सेना ने उसे हथियार थमा दिए और यूक्रेन की कब्जाई जमीन पर भेजा हुआ है, जहां से सिटी केवल ढाई किलोमीटर दूर है।
स्टडी वीजा पर गया, रेस्टोरेंट में काम भी किया
उन्होंने बताया कि एजेंट के माध्यम से संदीप का स्टडी वीजा लगा। वहां जाकर उसने कॉलेज में एडिशन लिया और साथ ही रेस्टोरेंट में काम करने लगा। परिवार को उम्मीद जगी की जल्द ही संदीप कुछ पैसा भेजेगा तो कर्ज उतारेंगे। घर की माली हालत सुधारने की गरज से ही संदीप ने आर्मी में कुक की नौकरी करना स्वीकार कर लिया।
विदेशी दूतावास और पीएम को लिखा पत्र
संदीप के मामा श्रीभगवान ने बताया कि संदीप को रूस से वापस भारत लाने के लिए उनकी तरफ से विदेश मंत्रालय, दूतावास और पीएम को पत्र लिखा गया है। इसके बारे में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ से भी मिले थे, जिन्होंने विदेश मंत्री को भी पत्र भेजा है। किसी तरह उसके भांजे को वापस भारत लाने में सरकार मदद करे।
फतेहाबाद के दो युवक भी कई दिनों से रुस में फंसे
फतेहाबाद जिले के कुम्हारिया गांव के अंकित जांगड़ा और विजय पुनिया को भी जबरदस्ती रूसी सेना में भर्ती किया गया था। उन्हें जीरो लाइन यानी युद्ध क्षेत्र में भेजा जा चुका है। पिछले करीब 25 दिन से उनका परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ है। दोनों युवकों के परिजन दिल्ली और चंडीगढ़ के कई चक्कर काट रहे हैं।
सरकार ने जारी की 27 लोगों की लिस्ट
यूक्रेन युद्ध में फंसे फतेहाबाद जिले के गांव कुम्हारिया के दोनों युवकों के परिवारों को उनके लौटने की उम्मीद नजर आई है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि विदेश मंत्रालय की ओर से जारी की गई लिस्ट में इन दोनों युवकों का नाम भी शामिल है। विदेश मंत्रालय ने 27 नए लोगों की लिस्ट जारी की है, जो रशियन आर्मी में भर्ती करके यूक्रेन युद्ध में धकेले जा चुके हैं। भारत सरकार अब इस मामले में रूसी सरकार से बात कर रही है। इसके बाद से परिवार को दोनों युवकों की वापसी की आस बंधी है।