ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर से मिले प्रधानमंत्री मोदी, कई अहम मुद्दों पर होगी बात
PM Modi-Keir Starmer Meeting: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने भारत दौरे के दूसरे दिन गुरुवार (9 अक्टूबर) को प्रधानमंत्री मोदी से मुंबई में मुलाकात की।
Narendra Modi-Keir Starmer Meeting in Mumbai: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर के बीच ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर बुधवार को भारत पहुंचे। आज उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हुई। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच साझेदारी के एक नए युग की शुरुआत होने की संभावना है और कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।
दोनों नेताओं के बीच विजन 2035 रोडमैप के तहत भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। वार्ता व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, जलवायु और शिक्षा में सहयोग पर होने की उम्मीद है। पीएम मोदी और स्टार्मर सीईओ फोरम समेत ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में भी भाग लेंगे।
भारत-यूके के बीच खास समझौते पर हुए हस्ताक्षर
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, ”भारत-यूके आर्थिक साझेदारी एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है! संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति (JETCO) को नए सिरे से स्थापित करने के लिए Terms of Reference पर हस्ताक्षर होने की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है।’
आपको बता दें इससे एक दिन पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने आज यशराज फिल्म्स का दौरा किया। यशराज फिल्म्स के CEO अक्षय विधानी और अभिनेत्री रानी मुखर्जी भी उनके साथ मौजूद थे।
जानें किन मुद्दों पर होगा फोकस
प्रधानमंत्री मोदी और कीर स्टार्मर द्विपक्षीय वार्ता का फोकस भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) द्वारा प्रस्तुत अवसरों पर होगा, जिसे एफटीए के रूप में जाना जाता है। जो ब्रिटेन की संसद द्वारा अनुमोदित होने के बाद 90 प्रतिशत से अधिक वस्तुओं पर टैरिफ हटा देने की उम्मीद है। इस यात्रा में स्टार्मर और मोदी दोनों मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में मुख्य भाषण देंगे। पिछले वर्ष संपन्न भारत-यूके प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल (टीएसआई) पर भी बातचीत होगी। इसका उद्देश्य दूरसंचार, एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, जैव प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण खनिजों जैसी महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाना है।
पीएम स्टार्मर की यात्रा का मकसद जानें
भारत की यात्रा शुरू करने से पहले पीएम स्टार्मर ने किसी भी तरह के वीजा समझौते से इनकार करते हुए कहा, ‘यह योजना का हिस्सा नहीं है। यह यात्रा उस मुक्त व्यापार समझौते का लाभ उठाने के लिए है, जिस पर हम पहले ही हस्ताक्षर कर चुके हैं। व्यवसायों को इस समझौते से लाभ हो रहा है; वीजा मुद्दा नहीं है। ब्रिटेन की आव्रजन नीतियां सख्त रहेंगी।’ कीर स्टार्मर और पीएम मोदी मुंबई में आयोजित हो रहे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में शामिल हो सकते हैं। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के मंच से दोनों नेता दुनिया भर के नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और अनुभवियों के साथ बातचीत करेंगे।
भारत 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: कीर स्टार्मर
भारत को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का बड़ा बयान सामने आया है। ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने कहा, ‘भारत 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और उसके साथ व्यापार तेज और सस्ता होने वाला है। ऐसे में अवसरों का कोई मुकाबला नहीं है।’ उन्होंने कहा कि हमने जुलाई में भारत के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता किया। यह किसी भी देश द्वारा सबसे सुरक्षित है, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। यह सिर्फ एक कागज का टुकड़ा नहीं है; यह विकास का एक लॉन्चपैड है।