सिडनी में जमकर गरजा विराट कोहली और रोहित शर्मा का बल्ला, रिटायरमेंट पर बोले RO-KO
IND vs AUS 3rd ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर 2025 सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। जहां टीम के लिए ‘हिटमैन’ शर्मा ने 125 गेंदों में 121 और विराट कोहली ने 81 गेंदों में 74 रनों का योगदान दिया।
Virat Kohli and Rohit Sharma, IND vs AUS 3rd ODI: शनिवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर खेले गए मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 236 रन पर ढेर कर दिया और फिर 38.3 ओर में नौ विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (नाबाद 121) और विराट कोहली (नाबाद 74) की धमाकेदार पारियों के दम पर भारत ने तीसरे और अंतिम वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से धूल चटा दी। हार के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने पहला दोनों वनडे जीतने के कारण सीरीज 2-1 से जीत ली.
रोहित ने 125 गेंदों पर 13 चौके और 3 छक्कों की मदद से 121 रनों की नाबाद और मैच विनिंग शतकीय पारी खेली। रोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा विराट कोहली ने 81 गेंदों पर 7 चौकों की बदौलत 74 रनों की नाबाद पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल ने 24 रन बनाए। मैच के बाद रोहित-कोहली ने एक साथ रिटायरमेंट को लेकर भी बड़ा ऐलान कर डाला।
रिटायरमेंट पर क्या बोले कोहली-रोहित?
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने मैच के बाद एडम गिलक्रिस्ट के साथ बातचीत करते हुए कहा कि वह अभी वनडे फॉर्मेट से रिटायरमेंट नहीं ले रहे हैं। रोहित ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं दोबारा ऑस्ट्रेलिया में खेलने आऊंगा या नहीं, लेकिन मेरे को यहां पर खेलने में काफी मजा आता है।”
कोहली-रोहित ने ऑस्ट्रेलिया की जनता का भी इतना प्यार देने और उन्हें सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया। टीम इंडिया के दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने वनडे से संन्यास लेने को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल पूरी तरह से विराम लगा दिया। हिटमैन इस सीरीज में इकलौते बल्लेबाज रहे, जिन्होंने तीन मैचों में 200 से ज्यादा रन बनाए। रोहित के बल्ले से 202 रन निकले। पूर्व कप्तान को उनके धांसू प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
रोहित शर्मा ने अपने करियर का 33वां शतक जड़
237 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने अपने करियर का 33वां शतक जड़ दिया. रोहित ने 32.6 ओवर में सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया। हिटमैन रोहित ने 105 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना 33वां वनडे शतक पूरा किया। वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित का यह नौवां शतक है। रोहित और विराट के बीच पांच साल और नौ महीने के बाद यह पहली शतकीय साझेदारी है। दोनों के बीच इससे पहले, जनवरी 2020 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय साझेदारी हुई थी। विराट ने इसके साथ ही वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने 2500 रन भी पूरे कर लिए।