आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, श्रीकाकुलम के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 9 की मौत, कई घायल, CM नायडू ने जताया दुख
Venkateswara Swamy Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कासीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दर्शन के दौरान भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
Andhra Pradesh Temple Stampede: आंध्र प्रदेश से एक बहुत ही दुखद और दिल दहला देने वाली खबर आई है। श्रीकाकुलम जिले में मशहूर काशीबुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर है। आज सुबह-सुबह, भगवान के दर्शन के लिए वहां हजारों भक्तों की भारी भीड़ जमा थी। लोग खुशी-खुशी दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन ये खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
खबरों के मुताबिक, सुबह जब दर्शन के लिए भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ गई, तो अचानक लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते, हालात बेकाबू हो गए और वहां भयानक भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, और उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।
इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इसके अलावा, कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं, जिन्हें फौरन पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना बेहद दुखद है। श्रद्धालुओं की मौत हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।”
उन्होंने अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए तुरंत और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और पुनर्वास कार्यों की निगरानी करने को कहा है। राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना की उच्चस्तरिय जांच के आदेश
राज्य के कृषि मंत्री के. अचन्नायडू तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी और घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी संभावित अफरा-तफरी को रोका जा सके।