हरियाणा के टूरिस्टों ने रोहतांग अटल टनल में की स्टंटबाजी, VIDEO वायरल होने पर हुई कार्रवाई
Haryana Tourists Performed Stunts: वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। वीडियो में हरियाणा के अलावा बिहार नंबर की एक पिकअप गाड़ी चालक द्वारा भी लापरवाही करते हुए दिखाई दिया।
Rohtang Atal Tunnel in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश की अटल टनल रोहतांग में हरियाणा के टूरिस्ट ने जमकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई। जिसकी किसी दूसरी गाड़ी चालक ने वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। वीडियो में हरियाणा के अलावा बिहार नंबर की एक पिकअप गाड़ी चालक द्वारा भी लापरवाही करते हुए दिखाई दिया।
इस वीडियो पर हिमाचल पुलिस ने संज्ञान लिया। गाड़ी नंबरों के आधार पर पुलिस ने दोनों गाड़ियों का हैवी चालान काटा। इतना ही नहीं, भविष्य के लिए कड़ी हिदायत भी दी है।
वीडियो में दिखाई दी उल्लंघना
मनाली के DSP केडी शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो में दो गाड़ियां अटल टनल के अंदर यातायात नियमों का उल्लंघन करती हुई दिखाई दी। इनमें से एक गाड़ी BR नंबर 32 जीबी 7697 तेज गति से दूसरी गाड़ी को ओवरटेक कर गलत लेन में जाती है। ये गाड़ी बिहार में रजिस्टर्ड है।

इन दो धाराओं में काटा चालान
दूसरी स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर HR-51-CM-9223 में एक व्यक्ति गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर नियमों का उल्लंघन कर रहा है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 179 और 184 के तहत दोनों गाड़ी का पुलिस ने 3500-3500 रुपए का चालान काटा है।
DSP ने स्टंटबाजी ना करने की की अपील
केडी शर्मा ने बताया कि मनाली व आसपास के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों और लोकल लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। तेज रफ्तार और सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी जान पर भारी पड़ सकती है, क्योंकि पहाड़ों पर अक्सर पत्थर व लैंडस्लाइड से हादसे होने का अंदेशा रहता है।