Banner
Banner

हरियाणा पुलिस का ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’: 797 ठिकानों पर दबिश, 68 एफआईआर दर्ज, 127 गिरफ्तार

Haryana Police’s ‘Operation Hotspot Domination‘ ; हरियाणा पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ राज्यव्यापी मुहिम को और धार देते हुए 14 दिसंबर को ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ का एक और सघन चरण चलाया। इस विशेष कार्रवाई में राज्यभर में कुल 797 चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी गई, 68 एफआईआर दर्ज की गईं और 127 आरोपियों […]
Jaspreet Singh
By : Updated On: 15 Dec 2025 11:09:AM
हरियाणा पुलिस का ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’: 797 ठिकानों पर दबिश, 68 एफआईआर दर्ज, 127 गिरफ्तार

Haryana Police’s ‘Operation Hotspot Domination‘ ; हरियाणा पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ राज्यव्यापी मुहिम को और धार देते हुए 14 दिसंबर को ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ का एक और सघन चरण चलाया। इस विशेष कार्रवाई में राज्यभर में कुल 797 चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी गई, 68 एफआईआर दर्ज की गईं और 127 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। राज्यभर में एक साथ की गई इस कार्रवाई में पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला सहित सभी जिलों में संवेदनशील स्थानों पर अचानक छापेमारी और कॉम्बिंग की।

अपराधियों पर कड़ा प्रहार: 68 मामले दर्ज, 127 गिरफ्तार

एक दिवसीय इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नशा, अवैध शराब तस्करी और जुए जैसी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ 58 मामले दर्ज किए, जबकि अवैध हथियार रखने के 10 मामले अलग से बनाए गए। कुल मिलाकर 90 आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा हिंसक अपराधों में लिप्त 28 कुख्यात अपराधी भी पुलिस के हत्थे चढ़े।

कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 अन्य अपराधियों को भी पृष्ठभूमि जांच के आधार पर गिरफ्तार किया। यह हरियाणा पुलिस की सक्रिय और परिणामोन्मुख कार्यशैली को दर्शाता है।

मादक पदार्थ और अवैध संपत्ति की बड़ी जब्ती: ₹2 लाख नकद, भारी मात्रा में नशा बरामद

अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न जिलों से कुल ₹2,06,895 नकद बरामद किए। साथ ही, अपराधियों द्वारा उपयोग में लाए जा रहे 1 ट्रक, 1 कार, 1 स्कूटी और 6 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।

नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए, जिनमें 4 किलो गांजा, 111 ग्राम हेरोइन, 7.97 किलो अफीम की भूसी, 139 किलो चूरा पोस्त और 408 ग्राम अफीम शामिल हैं।

अवैध शराब की बरामदगी में 12 बीयर बोतलें, 71 अंग्रेजी शराब की बोतलें, 286 देसी शराब की बोतलें, 74 लीटर अवैध शराब और 370 लीटर लाहन जब्त की गई। हथियारों की जब्ती में 4 देसी कट्टे, 5 पिस्टल, 1 राइफल और 13 जिंदा कारतूस शामिल रहे।

खुफिया इनपुट और प्रशासनिक कार्रवाई: 2 पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश, 3 गन हाउस को नोटिस
अभियान के तहत अपराधियों पर नकेल कसने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्रवाई भी समानांतर रूप से की गई। पुलिस ने 2 अपराधियों के पासपोर्ट रद्द करने के प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजे।

पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए 23 महत्वपूर्ण खुफिया इनपुट साझा किए गए। गन हाउसों के निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पर 3 गन हाउसों को नोटिस जारी किए गए।

मानवीय पहल: 642 जरूरतमंद व्यक्तियों की पुलिस ने की सहायता

हरियाणा पुलिस ने इस ऑपरेशन को केवल अपराध-नियंत्रण तक सीमित नहीं रखा। राज्यभर में पुलिसकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए 642 जरूरतमंद, निराश्रित और विपत्तिग्रस्त व्यक्तियों की सहायता की। यह दर्शाता है कि पुलिस न केवल अपराध से लड़ने वाली शक्ति है, बल्कि समाज की रक्षक और सहयोगी संस्था भी है।

तावडू में 70 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

नूंह जिले के तावडू क्षेत्र में सीआईए पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली। गुप्त सूचना पर नौरंगपुर–तावडू रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सेहकुल खान नामक तस्कर को पकड़ लिया। उसकी स्विफ्ट डिज़ायर कार से 331 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹70 लाख है। पूछताछ में पता चला कि यह खेप दिल्ली के विकासपुरी से लाई गई थी और बावला गांव में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क की शेष कड़ियों की जांच कर रही है।

फरीदाबाद में आदतन अपराधी गिरफ्तार: 30 मुकदमों का पुराना रिकॉर्ड

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 फरीदाबाद ने एक ऐसे आदतन अपराधी रवि को गिरफ्तार किया जो हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि उस पर पहले से चोरी और शस्त्र अधिनियम के 30 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दोबारा जेल भेज दिया।

साइबर ठगों का पर्दाफाश: शेयर मार्केट के नाम पर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने फेसबुक विज्ञापन के माध्यम से निवेश के नाम पर ₹9.51 लाख की ठगी करने वाले चार आरोपियों—कुनाल, शिवम वर्मा, रितिक और शिवम शर्मा—को राजस्थान से गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि यह एक संगठित गिरोह है जो बैंक खातों के जरिए धन को कई स्तरों पर ट्रांसफर करता था। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

साइबर अपराध पर प्रहार: 61% ठगी की राशि बचाई, ₹45 लाख लौटाए गए

राज्य में साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी राहत दी है। रिपोर्ट के अनुसार, कुल 261 शिकायतों में ₹1.31 करोड़ की ठगी का प्रयास हुआ, जिसमें से पुलिस ने लगभग ₹80.59 लाख (61.3%) राशि ठगों के खातों में जाने से पहले ही फ्रीज कर दी।

पुलिस ने इस दौरान 21 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया और ₹45.64 लाख की राशि पीड़ितों को वापस दिलवाई, जो डिजिटल क्षेत्र में पुलिस की दक्षता और तत्परता को दर्शाता है।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad