शिमला में सैलानियों की रिकॉर्ड भीड़, कार्निवाल के दौरान शिमला पहुंचे करीब 50 हजार पर्यटक
Shimla witnessed a record crowd of tourists; हिमाचल प्रदेश की राजधानी और पहाड़ों की रानी शिमला में इन दिनों सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुकून और ठंडे मौसम का आनंद लेने पहुंचे पर्यटक शिमला विंटर कार्निवाल का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। कार्निवाल के चलते शिमला की रौनक देखते ही बन रही है और शहर पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहा है।

शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि विंटर कार्निवाल के दौरान शहर में रोजाना करीब 25 हजार गाड़ियों की आवाजाही हो रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है। शहर में 450 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था बनी रहे। पर्यटकों को पार्किंग की समस्या से राहत देने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

रिस्ट्रिक्टेड मार्गों को भी अस्थायी तौर पर पार्किंग के लिए खोला गया है। मेयर के अनुसार, विंटर कार्निवाल शुरू होने के बाद अब तक करीब 15 हजार गाड़ियां शिमला में प्रवेश कर चुकी हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि रोजाना लगभग 40 से 50 हजार पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं।

शिमला पहुंचे सैलानी यहां आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गतिविधियों और मनोरंजन का भरपूर आनंद ले रहे हैं। विंटर कार्निवाल के जरिए पर्यटकों को हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक खानपान से रूबरू होने का मौका भी मिल रहा है, जिससे पर्यटन को खासा बढ़ावा मिल रहा है।

शिमला में सैलानियों की बढ़ती आमद का सीधा असर पर्यटन कारोबार पर देखने को मिल रहा है। पर्यटन कारोबारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शहर में इस समय होटलों की ऑक्यूपेंसी 80 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। अधिकांश होटलों में 10 जनवरी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जिससे पर्यटन कारोबारियों में उत्साह का माहौल है। इंद्रजीत सिंह के अनुसार, भले ही अभी तक शिमला में बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद विंटर कार्निवाल पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण बना हुआ है।

कार्निवाल के चलते बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय व्यंजनों और आयोजनों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का फायदा सिर्फ होटल व्यवसायियों को ही नहीं, बल्कि शिमला के स्थानीय व्यापारियों को भी मिल रहा है। शहर के बाजार दिनभर सैलानियों से भरे रहते हैं, जिससे व्यापार में तेजी आई है। हालांकि, बर्फबारी न होने से पर्यटन कारोबार को कुछ हद तक नुकसान भी हुआ है, लेकिन पर्यटन कारोबारी आने वाले दिनों में अच्छी बर्फबारी की उम्मीद जता रहे हैं, जिससे पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।