गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर सुनील उर्फ तोता की प्रॉपर्टी पर बड़ी कारवाई
Latest News: गुरुग्राम के धनवापुर इलाके में कुख्यात अपराधी सुनील उर्फ तोता की कथित संपत्ति पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम को उस समय कार्रवाई रोकनी पड़ी, जब मौके पर मौजूद परिजनों ने अदालत का स्टे ऑर्डर और वैध दस्तावेज दिखा दिए। दस्तावेजों की पुष्टि के बाद निगम के नोडल अधिकारी आर.एस. बाठ की अगुवाई में पहुंची बुलडोजर टीम ने प्रॉपर्टी को सील कर दिया।
स्टे ऑर्डर के आगे थमी बुलडोजर कार्रवाई
दरअसल दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस बल और नगर निगम की टीम अवैध कब्जे के आरोप में संपत्ति हटाने के उद्देश्य से धनवापुर पहुंची थी। जैसे ही बुलडोजर मौके पर पहुंचे, सुनील उर्फ तोता के परिजन वहां आ गए और उन्होंने निर्माण से जुड़े कागजात और कोर्ट से मिला स्टे आर्डर दिखा दिया।जांच के दौरान यह बात सामने आई कि भवन पर प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है और कई आवश्यक अनुमतियां भी नहीं ली गई हैं। इन खामियों को आधार बनाते हुए नगर निगम ने तोड़फोड़ की जगह फिलहाल बिल्डिंग को सील कर दिया।
गौरतलब है कि गैंगस्टर सुनील उर्फ तोता के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। करीब दो महीने पहले उसे सेक्टर-17 क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया था और वर्तमान में वह भौंडसी जेल में बंद है।बहरहाल यह कार्रवाई गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही सरकारी मुहिम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अपराधियों की अवैध संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क पर चोट करना है। आने वाले समय में इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।