शराब की लत से झुझते व्यक्ति को पुलिस ने दिखाया रास्ता, शुरु करवाया इलाज
Panchkula News; नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 10 जनवरी 2026 को सेक्टर-20, पंचकूला में एक विशेष नशा विरोधी जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में पंचकूला पुलिस की महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमारी के साथ कक्षा 11 के छात्र वंदित अग्रवाल भी शामिल रहे, जो आसमान फाउंडेशन से जुड़कर युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर राजेश कुमारी ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि नशा और अपराध का आपस में गहरा संबंध है। नशे की लत व्यक्ति को गलत रास्ते पर ले जाती है और कई बार वह नशे की पूर्ति के लिए अपराध की ओर बढ़ जाता है।
इस अवसर पर वंदित अग्रवाल ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशे से दूर रहना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से शराब की लत होने की बात स्वीकार की। इस उदाहरण के माध्यम से इंस्पेक्टर राजेश कुमारी ने समझाया कि नशा किस तरह इंसान की सोच, स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने उस व्यक्ति को नशा मुक्ति के लिए निशुल्क सहायता देने का भरोसा दिलाया और अपना संपर्क नंबर 8360471318 भी साझा किया। इसके बाद संबंधित व्यक्ति का सामान्य नागरिक अस्पताल में इलाज भी शुरू करवा दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज को जागरूक करना और नशे के खिलाफ एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि यदि नशे के खरीदार नहीं होंगे तो तस्करी अपने आप बंद हो जाएगी। लोगों द्वारा नशा तस्करों की जानकारी देने में डर जताने पर इंस्पेक्टर राजेश कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त रूप से सूचना देने की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाती है। इसके लिए पंचकूला पुलिस के ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 व 7087081048 साझा किए गए।