एनसीसी अकादमी रोपड़ में 2 बटालियन का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न
रोपड़: बटालियन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एनसीसी अकादमी, रोपड़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में लगभग 200 एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन/विंग के कैडेट्स ने भाग लिया।
10 दिवसीय (19 -28 जनवरी 2026).इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कैंप कमांडेंट कर्नल डी.एस. धामी, एस.एम. के मार्गदर्शन में किया गया। समापन अवसर पर कैडेट्स को संबोधित करते हुए कर्नल धामी ने कहा कि इस शिविर ने कैडेट्स को आत्म-मूल्यांकन एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन, फायरिंग, ड्रिल, मैप रीडिंग तथा फील्ड क्राफ्ट का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त मेडिटेशन, स्ट्रेस मैनेजमेंट तथा करियर मार्गदर्शन से संबंधित सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सशस्त्र बलों एवं सिविल सेवाओं में भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कैडेट्स में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के उद्देश्य से वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, म्यूजिकल चेयर, बोरी दौड़, लेमन-स्पून रेस, शारीरिक दक्षता प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को सड़क सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, एचआईवी/एड्स जागरूकता, अग्निशमन तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं।