प्रदेश का युवा हताश, रोजगार और न्याय के लिए कर रहा आंदोलन: अर्जुन चौटाला
Haryana News; इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था, युवाओं में लगातार बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दों पर प्रदेश सरकार और मनरेगा के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि दोनों सरकारों की नीतियां किसान, युवा, गरीब विरोधी हैं
अर्जुल चौटाला शुक्रवार को जींद में युवा इनेलो के जिला स्तरीय युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने विभिन्न प्रकार के प्रतिबंध लगाकर के बुजुर्गों के सम्मान भत्ते के रूप में दी जानी वाली पैंशन को काटने का षड्यंत्र रचा हुआ है। सम्मान भत्ता चौधरी देवीलाल ने वृद्धो के सम्मान के लिए शुरू किया था, लेकिन पहले इस पर कांग्रेस सरकार में भूपेंद्र हुड्डा और भजनलाल ने कैंची चलाई। अब रही- सही सारी कसर बीजेपी सरकार ने बुढ़ापा पेंशन को परिवार की आय से जोड़कर पूरी कर दी है। आय की शर्त लगाकर बुढ़ापा पेंशन बंद करने के सरकार के फैसले के विरोध में इनेलो 20 फरवरी को पंचकूला में धरना और प्रदर्शन कर सरकार को मजबूर करेगी कि बुजुर्गों की काटी हुई पेंशन फिर बहाल करे। युवाओं का जिक्र करते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश का युवा दर-दर की ठोकरें खा रहा है। सिलेक्शन की बजाय रिजेक्शन पॉलिसी के तहत हरियाणा प्रदेश की सरकार युवाओं को बेरोजगारी में धकेल रही है। आज प्रदेश का युवा रोजगार और न्याय के लिए धरने देने और आंदोलन करने पर मजबूर है। युवाओं की मजबूत आवाज इनेलो बन रही है और युवा ताकत के दम पर 2029 में इनेलो की सरकार बनाएंगे।
प्रदीप गिल की थपथपाई पीठ
विधायक अर्जुन चौटाला ने युवा नेता प्रदीप गिल की पीठ थपथपाते हुए कहा कि गिल की युवाओं में मजबूत पकड़ है। उनके कारण सम्मेलन में युवा बड़ी संख्या में आए ।
मनरेगा और खराब कानून व्यवस्था पर केंद्र, प्रदेश सरकार को घेरा
विधायक अर्जुन चौटाला ने मनरेगा योजना समाप्त किए जाने के मुद्दे पर कहा कि मनरेगा में मजदूर को एक साल में 100 दिन के काम की गारंटी मिलती थी। जी राम जी में ऐसी कोई गारंटी नहीं है। प्रदेश सरकार पहले ही लाखों करोड़ के कर्ज में दबी है, तो वह जी राम जी का 40 प्रतिशत बोझ कैसे उठा पाएगी। हरियाणा में कानून- व्यवस्था को बेहद खराब बताते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि आए दिन रंगदारी मांगी जा रही हैं। पुलिस की ड्यूटी होमगार्ड बजा रहे हैं।
भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा ने कई जगह खुद हरवाए अपने उम्मीदवार
अर्जुन चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हग उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने कई जगह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवारों को हरवाया, जिस कारण प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी।