भारतीय हॉकी खिलाड़ी सुमित कुमार और सोनिका टांडी ने रचा गुपचुप विवाह
Latest News: हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले भारतीय हॉकी ओलिंपिक मेडलिस्ट सुमित कुमार और राजस्थान की खिलाड़ी सोनिका टांडी ने गुपचुप तरीके से शादी रचा ली है। दोनों करीब आठ साल से एक-दूसरे को जानते थे और परिवारों की सहमति से उन्होंने उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित द ऑर्चिड ऋषिवन रिसोर्ट में सात फेरे लिए।
बिना दहेज के पुरी हुई शादी
इस शादी में कुछ खास बातें भी रही। पहली ये कि यह शादी पूरी तरह बिना दहेज संपन्न हुई। सुमित ने सगाई में केवल 1 रुपया लिया। दूसरी ये कि बारात के स्वागत के दौरान रिबन कटाई और जूते छिपाई की रस्म निभाई गई। इन रस्मों में सुमित ने अपनी सालियों को करीब डेढ़ लाख रुपए दिए।
तीसरी बात ये कि शादी के अगले दिन ही सुमित हरियाणा से दिल्ली और फिर बेंगलुरु पहुंचे, जहां 7 से 12 फरवरी तक कैंप में प्रैक्टिस की। इसके बाद 12 फरवरी की रात को हॉकी लीग की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए, जहां फरवरी के अंतिम सप्ताह में प्रैक्टिस मैच खेले जाने हैं।
करीब 70 लोग थे शामिल
इस समारोह में कुल करीब 70 लोग शामिल हुए, जिनमें लड़के पक्ष से 25 और लड़की पक्ष से 45 सदस्य मौजूद रहे। शादी की खबर सामने आने के बाद खेल जगत में हैरानी और खुशी का माहौल है। दोनों को साथी खिलाड़ियों और नाते-रिश्तेदारों ने जीवन की इस नई पारी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं है।