हरियाणा की 2 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को मतदान, 5 मार्च तक नामांकन
चंडीगढ़। हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवार 5 मार्च तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। मतदान के बाद उसी शाम परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत होगी, जिसमें 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है।

बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया। 16 मार्च को वोटिंग के बाद शाम को रिजल्ट जारी होगा।
जांगड़ा और चौधरी निर्विरोध सांसद बने थे
राज्यसभा सांसद राम चंद्र जांगड़ा मार्च 2020 में राज्यसभा सांसद बने थे। उनका कार्यकाल 10 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 9 अप्रैल 2026 तक है। वे निर्विरोध चुने गए थे। वहीं, किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध सांसद चुनी गई थीं। यह सीट दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। दीपेंद्र ने रोहतक से सांसद बनने के बाद इस्तीफा दिया था।
हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं। राज्यसभा की सीट को जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 31 वोट चाहिए होंगे। ऐसे में पूरी संभावना है कि भाजपा व कांग्रेस के खाते में एक-एक सीट आएगी। वर्तमान में कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं, जबकि भाजपा के पास 48 विधायक हैं और 3 निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
भाजपा दूसरी सीट तभी जीत सकती है, जब 7 विधायक क्रॉस वोटिंग करें, जो कि काफी मुश्किल है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि बीजेपी दूसरी सीट के लिए प्लानिंग कर चुकी है। बताया जा रहा है कि करीब 8 कांग्रेस विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं।