गुरुग्राम पुलिस और GMDA अपराध पर लगाम लगाने के लिए जगह जगह लग रहे CCTV कैमरे
शहर में अपराध और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस और गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) संयुक्त रूप से व्यापक सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क स्थापित कर रहे हैं। इस पहल के तहत पहले चरण में GMDA द्वारा 1,392 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जबकि दूसरे चरण में 2,722 अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं।
इन हाई-टेक कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में 24×7 निगरानी रखी जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।ट्रैफिक पुलिस कि माने तो यह प्रणाली न केवल ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाएगी, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसके अलावा, पुलिस दुकानों और आरडब्ल्यूए द्वारा लगाए गए निजी कैमरों को भी इंटीग्रेट करने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि शहरभर में एक मजबूत और समन्वित निगरानी तंत्र तैयार किया जा सके।फिलहाल गुरुग्राम पुलिस की इस पहल से शहर में अपराध दर और ट्रैफिक उल्लंघनों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।