पंचकूला पुलिस की बड़ी सफलता: पिंजौर चोरी कांड सुलझा, दो आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला। पिंजौर क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। एवीटी स्टाफ की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोना और चांदी भी बरामद कर लिया है।
एसीपी सुरेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पिंजौर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 23 नवंबर को सपरिवार दिल्ली गया हुआ था। जब वह 3 दिसंबर को वापस लौटा, तो उसने देखा कि उसके घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे कीमती सोने व चांदी के जेवरात गायब थे। पीड़ित की शिकायत पर पिंजौर थाना में तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई थीं।
मामले की जांच करते हुए एवीटी स्टाफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी को दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकाश, निवासी गांव गणेशपुर भोरियां, पिंजौर और राकेश उर्फ रॉकी, निवासी गांव त्रिपालघाट, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि दोनों आरोपियों को 23 फरवरी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस ने उनका एक दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ के आधार पर आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 15 ग्राम सोना और 400 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामदगी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, आज दोनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें आज न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।