पंचकूला कोर्ट परिसर के नजदीक नो-पार्किंग जोन में खड़े 30 वाहनों के काटे चालान
पंचकूला/ 26 फरवरी :- शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अवैध पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आज पुलिस ने सेक्टर-1 स्थित कोर्ट परिसर के आसपास नो-पार्किंग जोन में अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान कुल 30 वाहनों के चालान काटे गए।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने इस अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अब उन चालकों के खिलाफ भी सख्त है जो वाहन खड़ा कर मौके से नदारद हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिन वाहनों के पास चालक मौजूद नहीं थे, पुलिस ने उनके शीशों पर विशेष ‘नो-पार्किंग चालान स्टीकर’ चिपकाए। इन स्टीकर्स के माध्यम से स्पष्ट रुप से बताया गया है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने के कारण संबंधित वाहन का ऑनलाइन चालान काट दिया गया है। वाहन मालिकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने चालान के निपटान और भुगतान के लिए सेक्टर-12 स्थित चालानिंग ब्रांच, पंचकूला से तत्काल संपर्क करें।
इस अभियान के उद्देश्य और सड़क सुरक्षा की महत्ता पर जोर देते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध पार्किंग न केवल यातायात को बाधित करती है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के मार्ग में भी बाधा बनती है। हमारा उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और अनुशासित यातायात संस्कृति विकसित करना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की जीरो-टालरेंस नीति अपनाई जाएगी।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेक्टर-1 कोर्ट परिसर और अन्य मुख्य बाजारों में पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें ताकि शहरवासियों को जाम की स्थिति से न जूझना पड़े।