अभिभावक आगे आएं, बेटियों को अवश्य लगवाएं एचपीवी टीका – अनुराग चंद्र शर्मा
HPV vaccination campaign Kullu; किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने की। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं तथा आमजन से इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहयोग व सहभागिता की अपील की, ताकि जिले में अधिकतम लाभार्थियों तक टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को टीके के महत्व, प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल एवं स्पष्ट रूप में मिल सके तथा किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो। उपायुक्त ने बताया कि जिला कुल्लू में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 4200 बालिकाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। शेष पात्र बालिकाओं का पंजीकरण भी शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 15 विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह जीवनरक्षक टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से आईजीएमसी शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसके साथ ही राज्यव्यापी कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।