हरियाणा विधालय शिक्षा बोर्ड बनाएगा प्रदेश भर में मार्किंग सेंटर
HBSE Marking Process 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं, 12वीं और डीएलएड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की मार्किंग प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड प्रदेशभर में कुल 131 मार्किंग सेंटर स्थापित करेगा, जहां से 2 अप्रैल 2026 से मार्किंग कार्य आरंभ हो जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन कुमार ने आज भिवानी में दी गई जानकारी में बताया कि सीनियर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) की मार्किंग के लिए पूरे प्रदेश में 52 मार्किंग सेंटर बनाए जाएंगे। वहीं सेकेंडरी (कक्षा 10वीं) की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए 75 मार्किंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा डीएलएड परीक्षा की मार्किंग के लिए अलग से 4 मार्किंग सेंटर बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन सभी मार्किंग सेंटरों को जिला मुख्यालयों और विभिन्न सब-डिवीजन स्तर पर स्थापित किया जाएगा ताकि शिक्षकों को कम से कम यात्रा करनी पड़े और मार्किंग कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
डा. पवन कुमार ने कहा कि मार्किंग प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से की जाएगी। बोर्ड की ओर से सख्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे समय पर केंद्रों पर पहुंचकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि मार्किंग कार्य 2 अप्रैल 2026 से शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मई के दूसरे सप्ताह में कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था छात्रों के रिजल्ट को समय पर घोषित करने और मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में बोर्ड की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।