शाहपुर में 35 वर्षीय विवाहिता का शव खेतों में मिला, पति व ननदों पर मामला दर्ज
धर्मशाला: शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 35 वर्षीय विवाहिता का शव खेतों में मिलने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका के मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को मृतका के पति तिलक राज ने पुलिस थाना शाहपुर में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। वहीं रविवार सुबह पति ने ही पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी का शव घर के पास खेतों में पड़ा हुआ मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना शाहपुर की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि महिला के लापता होने पर परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रविवार सुबह घर से कुछ दूरी पर खेतों में उसका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि मायका पक्ष ने मृतका के पति और ननदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।