भाजपा प्रदेश के 20 हजार 629 बूथों पर बना रही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती : मोहन लाल बड़ौली
भिवानी, 13 अप्रैल : बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व महात्मा ज्योतिबा फूले ने भारत की शिक्षा तथा जागरूकता के लिए कार्य किए। उन्होंने देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने भिवानी में बाबा भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के मौके पर महात्मा ज्योतिबा फूले शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाशाली व्यक्तियों को पुरूस्कृत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा भीमराव अंबेडकर को सम्मान देने के दृष्टिकोण से उन्होंने जहां शिक्षा ली तथा जहां जन्म लिया तथा उनके कार्य क्षेत्र वाले स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया है। हरियाणा प्रदेश के सभी 20 हजार 629 बूथों पर बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों का आयेाजन किया जाएगा तथा शाम के समय दीपोत्सव का आयोजन होगा ताकि आमजन बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के हमारे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान को समझ सकें। उन्होंने कहा कि गांव चलो-बस्ती चलो अभियान के तहत घर-घर जाकर यह संदेश दिया गया कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियां किस प्रकार से काम आ रही है तथा उन्हे कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है। वर्ष 2047 में भारत को किस प्रकार विकसित करना है, इसका विवरण भी अभियान के माध्यम से दिया गया है।
इस मौके पर उन्होंने पत्रकारो के सवालों का जवाब देते हुए कह कि नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही आने वाले समय में हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार कार्य करेगी। उन्होंने इन चुनाव में भाजपा की नीतियों को लेकर चुनाव लडऩे की बात कही। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के पास होने से राज्यभाओं व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा तथा देश की महिलाए सशक्त होगी। इसको लेकर भाजपा ने विभिन्न सम्मेलनों का आयोजन भी करवा रही है तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। ताकि इस अभियान को व्यापक स्तर पर समर्थन मिल सकें।