अभद्र टिप्पणी करने से बचे सांसद रेखा,राजनीति में झूठे आरोप लगाना शर्मनाक : चंद्रमोहन
नगर निकाय चुनावों में भाजपा सांसद रेखा शर्मा को हरियाणा के तीन बार मुख्यमंत्री रहे स्व भजनलाल और हरियाणा विधानसभा में 5वी बार के विधायक एवं उप मुख्यमंत्री रह चुके चंद्रमोहन पर अभद्र टिप्पणी करना महंगा साबित हो गया है। गत दिवस सांसद रेखा ने एक चुनावी सभा में स्व भजनलाल और चंद्रमोहन को बदमाश बताते हुए बदमाशी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया था।
अब इस मामले को लेकर चंद्रमोहन के समर्थकों ने नाराज़गी जाहिर की और इस मामले पर उन्हें संज्ञान लेने को कहा,जिसके चलते अब चंद्रमोहन ने अपने वकील दीपांशु बंसल एडवोकेट के मार्फत सांसद रेखा शर्मा को कानूनी नोटिस भेज कर 7 दिनों में सार्वजनिक मंच से माफी मांगने के लिए कहा है। इसके साथ ही भविष्य में कोई अभद्र टिप्पणी न देने बारे भी कहा है।
चंद्रमोहन ने कहा कि राजनीति में पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाते है,परंतु लोकतंत्र में झूठे आरोप लगाना गलत है। उनके पिता स्व भजनलाल हरियाणा के तीन बार मुख्यमंत्री रहे, हरियाणा को बनाने से लेकर विकसित करने में उनका योगदान है। पंचकूला को बनाने और बसाने वाले भजन लाल जी ही है और वह अब दुनिया में भी नहीं है।वह स्वयं 5 बार के विधायक है और उप मुख्यमंत्री रहे है।
पंचकुला और हरियाणा के विकास के लिए सदैव तत्पर है।उनके द्वारा कभी भी किसी दूसरे दल के नेता के विरुद्ध कोई गलत टिप्पणी नहीं की गई।बावजूद इसके सांसद रेखा ने चुनावी सभा में चंद्रमोहन और उनके परिवार की छवि को जानबूझकर धूमिल करने के लिए अभद्र टिप्पणी की है जोकि लोकतंत्र और सामाजिक स्थिति के विरुद्ध है।
चंद्रमोहन ने यह भी कहा है कि बदमाशी से कोई चुनाव जीता होता तो जनता 5 बार उन्हें क्यों चुनती? इसके साथ ही बदमाशी से कोई चुनाव जीता होता तब भी कोई शिकायत या कोई कार्यवाही होती। उन्होंने जब 2000, 2005,2019 और 2024 का चुनाव लड़ा,उस समय हरियाणा में कांग्रेस सरकार नहीं थी। यदि कोई बदमाशी होती तो कोई शिकायत और उसके ऊपर कोई कार्यवाही न होना इस बात का साक्ष्य है कि सांसद रेखा का बयान केवल छवि धूमिल करने की नियत से दिया गया है।
गौरतलब है कि चंद्रमोहन 1993 से 2009 तक कालका से लगातार चार बार विधायक रहे है। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री रहे और 2024 में 5 वी बार विधायक बने और स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता को हराया।इसके साथ ही भजनलाल हरियाणा के तीन बार मुख्यमंत्री रहे,केंद्र में मंत्री रहे और अनेकों लोकसभा क्षेत्रों से सांसद रहे। हरियाणा की राजनीति में सबसे बड़ा नाम भजनलाल रहा है।
दूसरी तरफ रेखा शर्मा 2003 में नगर परिषद पंचकुला चुनावों में वार्ड नंबर 10 से भाजपा सिंबल पर पार्षद का चुनाव लड़ी और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार जलमेघा दहिया से बुरी तरह से चुनाव हारी।इसके अलावा कभी कोई डायरेक्ट चुनाव नहीं लड़ा और केवल राज्यसभा में भाजपा की वजह से सांसद बनी। हरियाणा क्या ,पंचकुला में भी रेखा शर्मा की कोई खास लोकप्रियता नहीं है।
चंद्रमोहन द्वारा भेजे गए नोटिस में 7 दिनों में सार्वजनिक माफी न मांगने पर उनके द्वारा न्यायालय की शरण लेने की बात कही गई है। चंद्रमोहन ने कहा हालांकि ऐसे लोग सिर्फ अभद्र टिप्पणी कर राजनीतिक सीढ़ियां चढ़ना जानते है परंतु प्रदेश और पंचकुला की जनता इसका जवाब देगी।