पलवल में मेगा रोजगार मेले का शानदार आगाज: 100 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा
नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम का 20 करोड़ की लागत से हो रहा है नवीनीकरण: गौरव गौतम
‘हरियाणा में विपक्ष पूरी तरह खत्म, कांग्रेस का अस्तित्व नहीं’— राज्य मंत्री का विपक्ष पर करारा हमला
पलवल (03 जुलाई, 2026):
हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘मेगा रोजगार मेले’ का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और रिबन काटकर इस भव्य मेले की शुरुआत की। इस खास मौके पर राज्य मंत्री का जन्मदिन भी था, जिसे उन्होंने सेवा कार्यों के साथ मनाया। उन्होंने एचबीएम ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा संचालित एक अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो पलवल विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के लिए 24 घंटे पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा प्रदान करेगी। इस अवसर पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पलवल के उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला रोजगार अधिकारी शक्तिपाल और भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व नेता मौजूद रहे।
युवाओं को मिलेंगे रोजगार के बेहतर अवसर
रोजगार मेले को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि जिला प्रशासन और जिला रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह मेगा रोजगार मेला आयोजित किया गया है। मेले को लेकर स्थानीय युवाओं में भारी जोश और उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में देश-विदेश की 100 से अधिक नामी कंपनियों ने शिरकत की है। इसके माध्यम से शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में सीधे रोजगार मिलने के साथ-साथ उद्योगों को भी उनकी आवश्यकता के अनुरूप योग्य मानव संसाधन प्राप्त होगा। यह मेला जिले के युवाओं के भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
स्टेडियम के जीर्णोद्धार पर खर्च हो रहे 20 करोड़ रुपए
पलवल के विकास का खाका पेश करते हुए गौरव गौतम ने कहा कि जिले के विकास के लिए एक विशेष रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का 20 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से नवीनीकरण (रिनोवेशन) का कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत इंडोर स्टेडियम को पूरी तरह वातानुकूलित (Air Conditioned) बनाया गया है। उन्होंने साफ किया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना और खिलाड़ियों को खेल के मैदान में आगे ले जाना ही उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
‘हरियाणा में कांग्रेस पूरी तरह खत्म’
राजनीतिक मोर्चे पर विपक्ष को घेरते हुए खेल राज्य मंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में हरियाणा प्रदेश के भीतर कोई मजबूत विपक्षी पार्टी बची ही नहीं है। कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से खत्म हो चुकी है और जनता अब विकास की राजनीति के साथ है।
बाइट (विशेष वक्तव्य):
- गौरव गौतम, खेल राज्य मंत्री, हरियाणा (फाइल नंबर 5)
रिपोर्टर: दिनेश कुमार, पलवल (हरियाणा)