वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 9.27 लाख की साइबर ठगी का आरोपी हिसार से गिरफ्तार, आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
पंचकूला/ 02 दिसंबर:- पंचकूला पुलिस की साइबर क्राइम थाना टीम ने 9 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिसार से गिरफ्तार किया है। मामले में शिकायतकर्ता, जो पंचकूला का निवासी है, ने 2 मई को साइबर क्राइम थाना में दी अपनी शिकायत में बताया था कि 16 अप्रैल को उसे टेलीग्राम के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम के नाम पर आकर्षक मुनाफे का लालच दिया गया।
शुरुआती चरण में आरोपी द्वारा थोड़ा लाभ भेजकर उसका विश्वास जीत लिया गया। इसके बाद 16 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच कुल 9,27,524 रुपए की धोखाधड़ी कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) व 318(4) के तहत मामला दर्ज किया।
साइबर एसएचओ युद्ववीर सिंह की अगुवाई में जांच अधिकारी भूप सिंह ने टीम के साथ आरोपी सुनील कुमार पुत्र रामफल, निवासी गांव कुलेरी, अग्रोहा जिला हिसार को 30 नवंबर को रेड के दौरान हिसार से गिरफ्तार किया।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी को 1 दिसंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान हुई प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस मामले की ठगी में से 4 लाख 18 हजार रुपए आरोपी के बैंक खाते में पाए गए हैं। साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी के बैंक खातों में अन्य मामलों की साइबर ठगी के मिलाकर कुल करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए की रकम लेन-देन में पाई गई है।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी की तलाश उत्तर प्रदेश पुलिस सहित हरियाणा के कई जिलों की पुलिस को भी थी। आरोपी हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। प्रारंभिक पूछताछ में इस साइबर अपराध में अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। पुलिस अब उन तत्वों की पहचान कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना है।
डीसीपी क्राइम ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन कमाई या वर्क फ्रॉम होम के लालच में आने से पहले उसकी पूरी जांच-परख करें और संदिग्ध लिंक या प्रस्तावों से दूर रहें और तुरंत साइबर हेल्पाइन नंबर 1930 व पुलिस को सूचित करे।