Banner
Banner

ट्रैकडाउन के बाद अब ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन चलाएगी हरियाणा पुलिस, DGP के निशाने पर ये लोग; जरूरतमंदों को मिलेगा लाभ

हरियाणा पुलिस अब ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ चलाएगी, जिसमें समाज सेवा के साथ अपराधियों पर सख्ती की जाएगी। गांवों और शहरों में नशा करने वालों, जुआरियों, सटोरियों को पकड़ा जाएगा। सफाई और बिजली की व्यवस्था की जाएगी, और जरूरतमंदों को कंबल-रजाइयां दी जाएंगी। हरियाणा में करीब एक माह तक आपरेशन ट्रैकडाउन चलाकर 3066 कुख्यात अपराधियों को […]
Dailypost News
By : Updated On: 01 Dec 2025 09:27:AM
ट्रैकडाउन के बाद अब ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन चलाएगी हरियाणा पुलिस, DGP के निशाने पर ये लोग; जरूरतमंदों को मिलेगा लाभ

हरियाणा पुलिस अब ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ चलाएगी, जिसमें समाज सेवा के साथ अपराधियों पर सख्ती की जाएगी। गांवों और शहरों में नशा करने वालों, जुआरियों, सटोरियों को पकड़ा जाएगा। सफाई और बिजली की व्यवस्था की जाएगी, और जरूरतमंदों को कंबल-रजाइयां दी जाएंगी।

हरियाणा में करीब एक माह तक आपरेशन ट्रैकडाउन चलाकर 3066 कुख्यात अपराधियों को जेल भेज चुकी राज्य पुलिस का मानवीय चेहरा भी जल्द सामने आएगा। पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को अब आपरेशन हाटस्पाट डोमिनेशन चलाने के निर्देश दिए हैं।

इस अभियान के अंतर्गत पुलिस समाजसेवा के काम करते हुए अपराधियों पर सख्ती करेगी। गांवों और शहरों में चोरी छिपे विभिन्न अड्डों पर नशा करने वालों, जुआरियों, सटोरियों और आवारागर्दी करने वालों को पकड़ा जाएगा।

जिन इलाकों में सफाई नहीं है और बिजली का इंतजाम नहीं है, महिलाओं को आने-जाने में परेशानी होती है, वहां सफाई कराने के साथ ही बिजली का इंतजाम कराने का काम भी पुलिस करेगी।

लोगों को कंबल-रजाइयों की जरूरत

सर्दी के मौसम में जरूरतमंद लोगों को कंबल-रजाइयों की जरूरत रहती है। इसकी उपलब्धता के लिए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने इलाकों के समाजसेवी संगठनों व लोगों से संपर्क साधेंगे।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने आपरेशन हाटस्पाट डोमिनेशन चलाने के लिए सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, एसीसी-डीएसपी, एसपी-सीपी, डीआइजी-आइजी, एडीजीपी, एसटीएफ, इन्फोर्समेंट और एचएसएनसीबी के अधिकारियों को रविवार को पत्र लिखा है।

इस पत्र पर डीजीपी के साइन के साथ उनकी फोटो भी है। ओपी सिंह ने पुलिस अधिकारियों को पांच से 27 नवंबर तक चलाए गए आपरेशन ट्रैकडाउन के संचालन के लिए उनकी पीठ ठोंकी है।

उन्होंने कहा कि आपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान 3066 कुख्यात अपराधियों को जेल भेजा गया है। सैकड़ों अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इससे लोगों को बड़ी राहत पहुंची है।

बेल की शर्तों के अनुसार खुले में सांस लें

पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों से कहा कि वे जेल में बदमाशों से मिलने-जुलने वालों पर नजर रखें। जेलरों से तालमेल बनाएं। यह तय करें कि पकड़े गए बदमाश जेलों में अपनी गतिविधियां शुरू न कर दें, जो इस अवधि में जेल से बेल पा गए हैं, उनकी अच्छी खबर लें।

यह सुनिश्चित करें कि वे बेल की शर्तों के अनुसार खुले में सांस लें। जो भी दोबारा नाखून-दांत दिखाए, उसकी बेल कैंसिल कराकर उसे दोबारा जेल भेजें। उनकी बेल लेने वालों की भी खबर लें।

312 चिन्हित अपराधी अभी फरार, कुख्यात के होंगे पासपोर्ट रद

हरियाणा में 312 चिन्हित अपराधी अभी भी फरार हैं। पुलिस महानिदेशक ने इन फरार अपराधियों को गिरफ्तार करने के प्रयासों में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे चिन्हित अपराधियों की सूची बगल की राज्य पुलिस से साझा करें।

उनके फोटो बंटवाकर जिले के एसपी लोगों से उनके ठिकानों के बारे में सूचना प्राप्त करने की कोशिश करें। साथ-साथ, उनको पीओ (भगौडा) भी घोषित करायें। उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करायें। ओपी सिंह ने निर्देश दिए कि कुख्यात अपराधियों के तार विदेश से जुड़े होते हैं।

सबका पासपोर्ट रद कराने की प्रक्रिया चालू की जाए। उग्र लोगों के हाथ में हथियार हत्या का सामान है। इसे बनाने, बेचने और खरीदने वाले को ढूंढ-ढूंढकर जेल भेजें। गन हाउस का पूरा हिसाब रखें। इनमें से कुछ अपराधियों को ब्लैक में कारतूस बेचते हैं।

ढहाए जाएंगे अपराधियों के नाजायज कब्जे

पुलिस महानिदेशक ने आदेश दिए हैं कि अपराधियों की सैकड़ों करोड़ की काली कमाई की सूची तैयार की जा चुकी है। अब इस संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया पूरी करें। इनके नाजायज कब्जों को प्रक्रिया के अनुसार ढहाने में सिविल प्रशासन की सहायता करें।

इनकी हिस्ट्रीशीट अप-टू-डेट करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे यह संकल्प लें कि आपके इलाके में कोई सर्दी से न ठिठुरे और भूखा न सोए।

Read Latest News and Breaking News at Daily Post TV, Browse for more News

Ad
Ad