अरविंद केजरीवाल पर BJP ने साधा निशाना, बाढ़ में डूबा पंजाब, केजरीवाल गुजरात में व्यस्त
Delhi BJP: दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा।
Delhi BJP on Arvind Kejriwal: पंजाब में इस समय कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। बाढ़ के कारण पूरा पंजाब त्राहिमाम कर रहा है। इसी क्रम में अब दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की बाढ़ प्रभावित पंजाब को मदद देने के बजाय गुजरात जाने के लिए आलोचना की।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की बीमारी का हवाला देते हुए, सचदेवा ने तर्क दिया कि केजरीवाल को राज्य का समर्थन करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने गुजरात भागने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि लोगों को धोखा देना और भागना अरविंद केजरीवाल की पॉलीटिकल कैलकुलेटिव मूव होते हैं, जिसमें वो अपना लाभ-हानि देखते हैं कि उन्हें किस चीज में लाभ मिलेगा। भले ही जनता इसमें मरती है, तो मरे। उन्हें इससे कोई लेना देना नहीं है।
‘अरविंद केजरीवाल राजनीतिक भ्रमण में व्यस्त’
वीरेंद्र सचदेवा ने तीखे शब्दों में कहा कि, यह बेहद खेदजनक है कि जिस समय पंजाब को अपने नेताओं के सहयोग की सबसे ज्यादा जरूरत है, उस समय केजरीवाल अपने राजनीतिक धर्म को भूल कर अपने चिर-परिचित अंदाज में राजनीतिक भ्रमण में व्यस्त हैं।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “इस समय पंजाब बाढ़ की मार झेल रहा है। चारों तरफ तबाही का माहौल है, वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अस्वस्थ हैं। ऐसे नाजुक वक्त में पंजाबियों को अपने भाग्य पर छोड़ कर केजरीवाल गुजरात में राजनीतिक दौरे पर निकले हुए हैं।”
उन्होंने बताया, आज हमारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात कर बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पांच करोड़ रुपए की राशि देने का ऐलान किया है, जो पंजाब के मुख्यमंत्री के राहत कोष में जाएगी। हमने मदद करके किसी पर एहसान नहीं किया, बल्कि यह एक मानवता है।
पंजाब पूरे देश के लिए अन्नदाता है। अगर पंजाब आज किसी मुसीबत में है, तो हर भारतीय का फर्ज है कि वह पंजाब के साथ खड़ा हो। ऐसे समय में जब लोगों को पंजाब के साथ खड़ा होना चाहिए, उस समय अरविंद केजरीवाल का गुजरात दौरा करना दिखाता है कि वह और उनकी पार्टी की फितरत लोगों को धोखा देने की है।