केंद्र सरकार आज संसद में पेश करने जा रही तीन अहम बिल, जाने कौन से हैं ये बिल और क्यों हैं खास
Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र में आज यानी बुधवार को भी जोरदार हंगामे के आसार हैं। दरअसल, केंद्र सरकार लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने जा रही है।
Bills in Lok Sabha: केंद्र सरकार बुधवार को लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इन तीनों विधेयकों को संसद की एक संयुक्त समिति को भेजने के लिए लोकसभा में एक प्रस्वात भी पेश करेंगे। इनका मकसद यह है कि अगर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, किसी राज्य के मुख्यमंत्री या केंद्र शासित प्रदेश के मंत्री को गंभीर आपराधिक मामलों में 30 या उससे अधिक दिनों के लिए गिरफ्तार या हिरासत में लिया जाता है तो उन्हें उनके पद से हटाया जा सके।
लोकसभा में तीन बिल पेश करेगी सरकार
मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार (20 अगस्त) को लोकसभा में तीन मसौदा विधेयक पेश करेंगे। इसमें संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, केंद्र शासित प्रदेशों का शासन (संशोधन) विधेयक और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक शामिल है। गृह मंत्री इन विधेयकों को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त समिति को भेजने का प्रस्ताव भी रखेंगे।
विपक्ष कर सकता है कड़ा विरोध
हालांकि इन विधेयकों को विपक्ष की तरफ से कड़े विरोध का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार विपक्ष को अस्थिर करने के लिए ये नया कानून ला रही है।