सीएम सैनी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, बाढ़ से राहत बचाव कार्यों की ली जानकारी, जानिए किन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
CM Nayab Singh Saini meets PM Modi: मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी दी कि हाल ही में प्रदेश के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के कारण जन-धन की हानि हुई है।
CM Saini Meeting with PM Modi: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और प्रदेश की विभिन्न योजनाओं, हालिया आपदाओं और विकास कार्यों पर सार्थक चर्चा की। बैठक के बाद सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं दी
आपदा राहत पर जोर, किसानों को मिली राहत
मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी दी कि हाल ही में प्रदेश के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के कारण जन-धन की हानि हुई है। उन्होंने कहा, “लगभग 2500 परिवारों को नुकसान हुआ, जिनमें मकान, पशुधन और घरेलू सामान को क्षति पहुंची। हमने ‘क्षति पूर्ति पोर्टल’ के जरिए ऐसे परिवारों को ₹4.5 करोड़ की राहत राशि ट्रांसफर की है।”
वहीं किसानों को राहत देने के सवाल पर सीएम ने बताया कि जिन किसानों की 50% से अधिक फसल नष्ट हुई है, उनके लिए बिजली बिलों की वसूली फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया गया है।
मंडियों में तेजी से हो रही है खरीद
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की मांग पर धान की खरीद 22 सितंबर से ही शुरू कर दी गई है, जबकि पहले यह 1 अक्टूबर से होती थी। अब तक 5000 मीट्रिक टन फसल मंडियों में आ चुकी है, जिसमें से 3500 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। बाजरे की खरीदारी 23 सितंबर से शुरू हो चुकी है, और सरकार MSP के तहत भावांतर योजना लागू कर किसानों को लाभ पहुँचा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “मैं देश के प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं। पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री ने किसानों की फसलों का एमएसपी लगातार बढ़ाया है। वहीं कांग्रेस पार्टी झूठे दावे करती रहती है कि प्रधानमंत्री एमएसपी बंद कर रहे हैं। इस तरह के झूठ से कांग्रेस की छवि खराब होती है। लेकिन, कांग्रेस क्या करे? अगर वे झूठ न बोलें तो राजनीतिक रूप से टिक नहीं पाएंगे।”
कानून व्यवस्था पर सरकार सख्त
राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “जो भी कानून तोड़ेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस को पूरी छूट दी गई है।”