सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, सोना अपने रिकॉर्ड हाई से 9000 रुपये और चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से 24000 रुपये सस्ती
Gold Silver Price Today: पिछले कुछ दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। दिवाली के बाद से सोने के भाव करीब 9000 रुपये टूट गए हैं। वहीं, चांदी पिछले 7 दिन में करीब 24000 रुपये टूट गई है।
Gold Silver Prices Fall: दो दिन की जबरदस्त गिरावट के बाद आज सोना-चांदी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार और बुधवार को निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण सोने की कीमतों में अच्छी गिरावट देखी गई। लेकिन गुरुवार की सुबह आते-आते हालात पलट गए सोने के दामों में फिर उछाल देखने को मिला और चांदी ने भी साथ-साथ चमक दिखाई।
गुरुवार को एशियाई बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली और हाजिर सोना लगभग 4,090 डॉलर प्रति औंस तक आ गया। इसी तरह चांदी के भाव में भी कमी आई है। सोना इस सप्ताह के शुरू में 4,381 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया था और चांदी 54.5 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई थी, दोनों में लगभग 10% की गिरावट आई है।
सोना 9000 रुपये सस्ता
MCX पर गोल्ड की बात करें तो इसका रिकॉर्ड हाई लेवल 132294 रुपये प्रति 10 ग्राम है, लेकिन आज यह 122300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ चुका है। यानी गोल्ड की कीमत में रिकॉर्ड हाई से 9000 रुपये की कटौती हुई है। हालांकि अभी MCX पर गोल्ड 1855 रुपये चढ़कर 123712 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
चांदी 7 दिन में 21,000 रुपये टूटी
चांदी की कीमतों में भी पिछले कुछ दिनों से जबरदस्त गिरावट आई है। दिवाली के दिन सोमवार 20 अक्टूबर को एमसीएक्स एक्सचेंज पर चांदी का वायदा भाव 1,57,987 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। यह 22 अक्टूबर को टूटकर 1,45,558 रुपये प्रति किलोग्राम पर रह गया। इस तरह दिवाली के 2 दिन बाद की कीमतें 12,429 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गई हैं।
वहीं, पिछले 7 दिन में चांदी का घरेलू वायदा भाव 21,100 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गया है। हालांकि, गुरुवार को कीमतों में कुछ रिकवरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में चांदी का भाव 0.69 फीसदी या 1004 रुपये की बढ़त के साथ 1,46,562 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया।
आज भी सस्ता हुआ सोना-चांदी
IBJA पर आज सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। 24 कैरेट सोना करीब 3 हजार रुपये कम होकर 1,23,827 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ चुका है। 23 कैरेट सोने का भाव 1,23,331 रुपये प्रति 10 ग्राम है. 22 कैरेट सोने का भाव 1.13 लाख रुपये हो गया है। वहीं 18 कैरेट सोना 92870 रुपये पर है। चांदी के भाव में भी बड़ी कमी आई है. यह एक ही दिन में 9000 रुपये सस्ती हो गई है। आज IBJA पर चांदी की कीमत 1,51,200 रुपये प्रति किलो है।
क्यों अचानक आई ये गिरावट?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सोने-चांदी में गिरावट के कई कारण सामने आए हैं। इसमें सबसे बड़ी वजह कई महीनों के रिकॉर्ड लाभ के बाद मुनाफावसूली है।मुनाफावसूली की लहर के कारण सोना-चांदी का भाव गिर रहा है। इसके अलावा, अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने से सुरक्षित निवेश की मांग में कमी आई भी एक वजह है।